तहलका न्यूज,बीकानेर।पीबीएम अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं के मामले में राहत भरी खबर सामने आई है।अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं की स्थिति में न केवल धीरे धीरे सुधार हो रहा है बल्कि बुधवार को पोस्ट कोविड आईसीयू में भर्ती एक और प्रसूता को छुट्‌टी दे दी गई है। अधीक्षक डॉ.बी.सी.घीया ने बताया कि प्रसूता राहिला को मंगलवार को सफल इलाज के बाद डिस्चार्ज किया गया।वहीं एक अन्य प्रसूता तारादेवी को भी स्वस्थ होने पर अस्पताल से घर भेजा जा चुका है।राहिला की स्थिति भर्ती के समय काफी गंभीर थी। उसका हीमोग्लोबिन मात्र 6 ग्राम प्रति डेसीलीटर था और यूरिन आउटपुट लगभग शून्य था।स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती कर विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में गहन इलाज दिया गया।इसके बाद उसका यूरिन आउटपुट बढ़कर लगभग 3500 मिलीलीटर प्रतिदिन तक पहुंच गया और हीमोग्लोबिन बढ़कर 8.2 ग्राम प्रति डेसीलीटर हो गया।भर्ती के समय उसे सांस लेने में परेशानी थी और फेफड़ों में पानी भरने की समस्या भी थी,जो अब पूरी तरह नियंत्रित हो चुकी है।चिकित्सकों ने उसके स्वास्थ्य में संतोषजनक सुधार के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया।

2 अन्य की हालत में सुधार
अधीक्षक डॉ.घीया ने बताया कि अन्य दो प्रसूताओं की स्थिति में भी लगातार सुधार हो रहा है और आगामी दो-तीन दिनों में उन्हें भी डिस्चार्ज किया जा सकता है।वहीं आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर उपचाराधीन दो मरीजों की देखभाल के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम 24 घंटे निगरानी रखे हुए हैं और बेस्ट ट्रीटमेंट दिया जा रहा है।

विशेषज्ञ डॉक्टर्स कर रहे इलाज
एसपी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ.सुरेंद्र कुमार सहित विशेष मेडिकल एक्सपर्ट्स की टीम लगातार मरीजों की मॉनिटरिंग कर रही है।इस टीम में अतिरिक्त प्राचार्य डॉ.रेखा आचार्य एवं डॉ.नीति शर्मा स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ.संतोष खजोटिया,डॉ.सुमन बुडानिया, नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ.जितेंद्र फलोदिया,न्यूरोलॉजिस्ट डॉ.खेताराम शर्मा और निश्चेतन विभाग से डॉ.विशाल एवं श्वसन रोग विभाग के डॉ.रवि चांडक के साथ मेडिसिन आईसीयू स्टाफ,पोस्ट कोविड आईसीयू स्टाफ,डायलिसिस यूनिट स्टाफ एवं क्रिटिकल केयर विशेषज्ञों की संयुक्त टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है।