तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले में नहर,तालाब और डिग्गी में डूबने वालों की संख्या बढ़ती ही जा रही है।पिछले एक माह की बात करें तो करीब आधा दर्जन लोगों की डिग्गी,नहर में डूबने से मौत हो गई है।ताजा मामला देशनोक थाना क्षेत्र का है।जहां दो नौनिहाल तालाब में डूब गये। इसमें से एक को बचा लिया गया है।जबकि दूसरे की मौत हो गई है।जानकारी मिली है कि पलाना-जेगला रोड स्थित तालाब में रविवार को नहाने गए तीन बच्चों में से एक मासूम की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। तालाब में डूब रहे एक अन्य बच्चे को उसके सगे भाई ने सूझबूझ दिखाते हुए हाथ खींचकर बचा लिया,लेकिन चचेरे भाई को नहीं बचाया जा सका।सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे के शव को तालाब से बाहर निकाला।
गहराई में जाने से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार,पलाना निवासी एक ही परिवार के तीन बच्चे तालाब में नहाने गए थे। नहाते समय सहीराम (12 वर्ष) और प्रमोद (14 वर्ष) अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। यह देख प्रमोद के सगे भाई नवीन ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और प्रमोद का हाथ खींचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन तब तक उनका चचेरा भाई सहीराम गहरे पानी में डूब गया।हादसे से घबराए बच्चे तुरंत घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। बच्चे के डूबने की खबर सुनते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया। परिजनों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया,जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
3 घंटे के रेस्क्यू के बाद निकाला शव
एसडीआरएफ के हेड कांस्टेबल लालचंद ने बताया कि उन्हें सुबह 11:45 बजे बीकानेर पुलिस कंट्रोल रूम से पलाना के तालाब में बच्चे के डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम दोपहर 12:15 बजे घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम के जवानों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 12 वर्षीय सहीराम के शव को पानी से बाहर निकाला।
सीएचसी में रखवाया शव
देशनोक थाना पुलिस ने मृतक बच्चे सहीराम के शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को देशनोक के राजकीय सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है,जहाँ आगामी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद से पूरे पलाना गांव में शोक की लहर छा गई है।
एक माह में गई आधा दर्जन जान
बताया जा रहा है कि पिछले एक माह में जिले में अलग अलग थाना इलाकों में करीब आधा दर्जन लोगों की डूबने से मौत हो गई है। इसमें बुधवार को लूणकरणसर के कंवरसेन लिफ्ट नहर मेें भेड़ बचाने के चक्कर में नहर में कूदे एक भाई की मौत हो गई। वहीं 25 जून को डिग्गी में डूबने से कालू में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। उससे पहले 18 जून को कालू में ही पानी कूंड में डूबने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई।
