तहलका न्यूज,बीकानेर।शहर के मुक्ता प्रसाद थाना इलाके में फिर पत्थरबाजी की वारदात सामने आई है,जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।बताया जा रहा है कि सर्वोदय बस्ती क्षेत्र में मोहर्रम चौकी के पाास पुरानी रंजिश को लेकर एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,जिसमें एक युवक कथित तौर पर एक मकान पर लगातार पत्थर फेंकता नजर आ रहा है।स्थानीय लोगों केअनुसार,सबंधित पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है और दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके हैं।पीडि़त पक्ष का आरोप है कि इससे पहले भी घर पर पत्थरबाजी की घटना हुई थी,जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। हालांकि शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।बताया जा रहा है कि पुरानी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद शुक्रवार को फिर से घर पर पत्थर फेंके गए।घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।आरोप यह भी है कि पत्थरबाजी करने वाला युवक नशे की हालत में था और उसने खुलेआम उत्पात मचाया।घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति हो रही है।