तहलका न्यूज,बीकानेर।राज्य में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग आयुक्त डॉ.टी.शुभमंगला के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स बोथरा एंड संस के प्रतिष्ठान एवं गोदाम पर निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई की।सीएमएचओ डॉ.पुखराज साध ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कैफिनेटेड बेवरेज रेड बुल का खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नमूना लिया गया तथा जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक उक्त उत्पाद के 608 कैन सीज किए गए हैं।उन्होंने बताया कि फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार कैफिनेटेड बेवरेज के लेबल पर”स्टिम्युलेट्स माइंड,”एनर्जाइज बॉडी,”एनर्जी ड्रिंक”अथवा”स्पोर्ट्स ड्रिंक” जैसे दावों का उल्लेख भ्रामक प्रचार की श्रेणी में माना जाता है।इसी संबंध में एफएसएसएआई द्वारा विभिन्न प्रमुख बेवरेज ब्रांडों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।डॉ.साध ने बताया कि अधिक कैफीन युक्त ऐसे पेय पदार्थ गर्भवती महिलाओं,स्तनपान कराने वाली माताओं,बच्चों तथा कैफीन के प्रति संवेदनशील व्यक्तियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं।इसलिए खाद्य सुरक्षा मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।उन्होंने बताया कि लिए गए नमूने को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला,बीकानेर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार अग्रिम नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा,भानु प्रताप सिंह,सुरेंद्र कुमार तथा राकेश गोदारा शामिल रहे।

लंबे समय से बिक रही है बाजार में,कार्रवाई में देरी पर उठ रहे सवाल
मंजर यह है कि यह ड्रिक लंबे समय से बाजार में बिक रहा है और युवा पीढ़ी इसे बड़े चाव से पी भी रही है।लेकिन स्वास्थ्य महकमें की ओर से देर से की गई कार्रवाई पर सवाल उठ रहे है। लोग दबी जुबान में यह कह रहे है कि आखिर शिकायत के बाद ही विभाग की कुंभकर्णी नींद क्यों खुलती है। विभाग की ओर से नियमित रूप से इस प्रकार के अभियान चलाने में कहां दिक्कत है। जबकि विभाग की ओर से त्योहारी सीजन या आंकड़ों को पूरा करने के लिये ही इस प्रकार के अभियान चलाकर इतिश्री की जाती रही है।