तहलका न्यूज,बीकानेर।सुरक्षा मापदंडों को दरकिनार कर संचालित किये जा रहे निजी स्कूलों पर जिला प्रशासन की ओर से शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।जिसके चलते बुधवार को स्थानीय जिन्ना रोड पर स्थित श्री अंबेडकर पब्लिक स्कूल कोनगर निगम की टीम ने सीज कर दिया। बताया जा रहा है कि स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से तय मापदंडों के अनुरूप नहीं चल रहा था। जिस पर स्कूल प्रबंधन को कई बार चेताया भी गया।निगम के फायर अधिकारी रेवंतसिंह के साथ कोटगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने श्री अंबेडकर पब्लिक स्कूल के अंडर ग्राउंड में चल रही कक्षाओं को देखा तो पाया कि यहां ना तो अग्निशमन यंत्र है और ना ही कोई आपदा होने की स्थिति में बच्चों के निकलने का दूसरा साधन।पता चला है कि इस स्कूल को पहले भी तीन बार नोटिस दिया जा चुका है।उसके बाद भी स्कूल की ओर से किसी प्रकार के नियमों की पालना नहीं की गई तब निगम की ओर से यह कार्रवाई की गई है।
कोचिंग संस्थान का भी होता है संचालन
मजे की बात तो यह है कि स्कूल में नौनिहालों के अलावा बड़े बच्चे भी अध्ययन करते है।यहां एफर्ट फाउंडेशन क्लासेज का बोर्ड भी लगा है।सीजिंग की कार्रवाई से पहले बालकों को स्कूल से बाहर किया गया।वहीं,भीड़ को देखते हुए कोटगेट थाना पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया।अग्निशमन अधिकारी रेवंतसिंह ने कहा कि विद्यार्थियों और आमजन की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और भवन संचालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।निगम प्रशासन ने सभी संस्थानों को निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा आवश्यक फायर सेफ्टी उपकरण व व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।कार्रवाई के दौरान नगर निगम सीआई प्रदीप सिंह चारण एवं कोटगेट थानाधिकारी धीरेन्द्रसिंह शेखावत भी मौजूद रहे।