तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के व्यापारियों को लगातार फिरौती मांगने की घटनाएं सामने आ रही है।जिसमें सीधे तौर पर रोहित गोदारा गैंग के नाम से यह फिरौती मांगी जाती है।ऐसा ही एक ओर मामला जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के दुलचासर गांव से सामने आया है।जिसमें व्यापारी से रोहित गोदारा गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है।फिरौती की रकम नहीं देने पर आरोपी ने व्यापारी के ऑफिस में गैस सिलेंडर फेंक कर उड़ाने और पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दी है।धमकी के बाद से व्यापारी और उसका पूरा सहमा हुआ है।पीडि़त व्यापारी के भाई ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को लिखित रिपोर्ट दी है।
5 और 7 जुलाई को आए धमकी भरे फोन
व्यापारी के भाई ने एसपी को दी गई रिपोर्ट में बताया कि 5 और 7 जुलाई को उनके पास वीरेंद्र चारण नाम के एक व्यक्ति का फोन आया था।फोन करने वाले ने खुद को कुख्यात रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताया और सीधे 5 करोड़ रुपए की मांग कर दी।आरोपी ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी कि अगर रुपए नहीं मिले तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
घर में कैद हुआ परिवार
शिकायत के अनुसार,धमकी देने वाले ने व्यापारी को डराने के लिए कहा कि यदि पांच करोड़ रुपए का इंतजाम नहीं हुआ,तो वे उनके ऑफिस में गैस सिलेंडर फेंककर उसे ब्लास्ट कर देंगे।इसके साथ ही आरोपी ने परिवार के सभी सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी है।इस घटना के बाद से डरा-सहमा परिवार अब घर से बाहर निकलने में भी कतरा रहा है।
पीडि़त परिवार ने मांगी सुरक्षा
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान पीडि़त परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।लिखित रिपोर्ट में मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष और तेजी से जांच की जाए।आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और व्यापारी व उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
शिकायत मिली,जांच जारी
श्रीडूंगरगढ़ की एसएचओ संध्या विश्नाई ने कहा कि इस मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।पुलिस को शिकायत मिली है,जिसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
