तहलका न्यूज,बीकानेर।शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देती एक और लूट की वारदात हुई है।कोटगेट थाना इलाके की इस वारदात में बुजुर्ग को लुटेरों ने अपना शिकार बनाया है।बुजुर्ग से लूट की यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी मिली है कि बुधवार अल सुबह रानीबाजार ओवरब्रिज पर रेलवे स्टेशन जा रहे सेवानिवृत्त बैंककर्मी को चार बदमाशों ने निशाना बनाया।बदमाशों ने उनका मुंह दबाकर बैग छीना और फरार हो गए।पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।बताया जा रहा है कि वल्लभ गार्डन निवासी सेवानिवृत्त बैंककर्मी सुशील कुमार मोदी सुबह करीब चार बजे रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकले थे। रानीबाजार ओवरब्रिज पर पहुंचते ही बाइक पर सवार चार युवक उनके पास आए और लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने उनका मुंह दबा दिया,जिससे वे मदद के लिए आवाज भी नहीं लगा सके।पीडि़त के बैग में धार्मिक पुस्तकें और करीब 21 हजार रुपए नकद रखे हुए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीडि़त ने कोटगेट थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई।सबसे अहम बात यह है कि पूरी वारदात नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां कैद होने के बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शहर के प्रमुख मार्ग पर हुई इस वारदात ने आमजन की सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।बता दें कि पिछले माह भी बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के कार्यालय के सामने एक सेवानिवृत कर्मचारी के साथ लूट हुई थी। जिसके लुटेरों का भी अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।