तहलका न्यूज,बीकानेर।राजस्थान फुटबॉल संघ के सचिव दिलीप सिंह शेखावत के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शनिवार सायंकाल चैन सिंह स्टेडियम में बीकानेर फुटबॉल क्लब एवं राजस्थान पुलिस फुटबॉल टीम के मध्य एक रोमांचक मैत्री फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया।आयोजन के संयोजक भैरुरतन ओझा रहे।मैच का पहला हाफ बेहद संघर्षपूर्ण रहा।दोनों टीमों ने आक्रामक रणनीति के साथ खेलते हुए कई बेहतरीन मूव बनाए,लेकिन दोनों गोलकीपरों और रक्षापंक्ति के शानदार प्रदर्शन के कारण कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी। परिणामस्वरूप मध्यांतर तक मुकाबला 0-0 की बराबरी पर रहा।दूसरे हाफ में राजस्थान पुलिस की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण स्थापित कर लिया।टीम की ओर से ट्विंकल ने पहला गोल कर राजस्थान पुलिस को बढ़त दिलाई।इसके बाद यूसफ ने एक और शानदार गोल दागकर बढ़त को 2-0 कर दिया।निर्धारित समय तक बीकानेर फुटबॉल क्लब वापसी नहीं कर सका और राजस्थान पुलिस ने यह मैत्री मुकाबला 2-0 से अपने नाम कर लिया।पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना,अनुशासन और बेहतर तालमेल का परिचय दिया। रोमांचक मुकाबले का उपस्थित दर्शकों एवं फुटबॉल प्रेमियों ने भरपूर आनंद लिया।मैच के दौरान राजस्थान पुलिस के कोच तरुण कुमार,कोच देवेंद्र सिंह भाटी,राहुल ओझा,गौतम ओझा,हर्षित सिंह,यशवर्द्धन राजपुरोहित सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।मैच के समापन पर खिलाड़ियों,खेल अधिकारियों एवं फुटबॉल प्रेमियों ने राजस्थान फुटबॉल संघ के सचिव दिलीप सिंह शेखावत को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य,दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में राजस्थान फुटबॉल निरंतर नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है तथा इस प्रकार के मैत्री मैच खिलाड़ियों के बीच आपसी भाईचारे, खेल भावना और समन्वय को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।मैत्री मैच के सफल आयोजन में बीकानेर फुटबॉल क्लब, राजस्थान पुलिस फुटबॉल टीम एवं आयोजन समिति के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।अंत में सभी खिलाड़ियों,अधिकारियों,सहयोगियों एवं उपस्थित खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया गया।
