तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले मेें ठगी के अलग अलग मामले सामने आ रहे है।कभी सोलर लगवाने के नाम पर तो कभी व्यापार करने के नाम पर ठगी के मामले सामने आया है।ताजा मामला नोखा थाना क्षेत्र का है।जहां एक नमकीन डीलरशिप दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी और वाहन गायब किया गया है।इसको लेकर थाने में एक परिवाद दर्ज हुआ है। जिसमें परिवादी ने चार लोगों पर लाखों रुपये की ठगी करने,माल का भुगतान नहीं करने तथा माल से भरी गाड़ी हड़पने का आरोप लगाया है।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार रिको इंडस्ट्री एरिया,नोखा स्थित बिश्नोई भुजिया उद्योग के संचालक ओमप्रकाश विश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब पांच माह पहले फलौदी तहसील के मानेवड़ा निवासी रामपाल,प्रेम और सुरेश उनकी फैक्ट्री आए थे।उन्होंने हैदराबाद में नमकीन की डीलरशिप लेने की बात कही और स्वयं को मेडिकल व गैस सप्लाई का कारोबारी बताया।परिवादी के अनुसार तय शर्तों के तहत आरोपियों ने वाहन की सुरक्षा राशि के रूप में 1.80 लाख रुपये जमा कराए और माल की अग्रिम राशि भी दी।इसके बाद हैदराबाद के लिए नमकीन से भरी गाड़ी रवाना की गई,जिसमें रासीसर निवासी सुरेश विश्नोई चालक के रूप में गया।आरोप है कि बाद में आरोपियों ने अंतिम बिल की 1,69,580 रुपये की राशि देने से इनकार कर दिया।इसी दौरान परिवादी को सूचना मिली कि उनकी गाड़ी का उपयोग किसी अन्य कंपनी का भुजिया बेचने में किया जा रहा है।जब उन्होंने चालक से गाड़ी वापस लाने को कहा तो उसने वाहन अपने पास होने से इनकार करते हुए धमकी दी और रामपाल से बात करने को कहा।वहीं रामपाल ने भी गाड़ी होने से इनकार कर दिया।परिवादी ने आरोप लगाया कि चारों आरोपियों ने मिलीभगत कर उनकी गाड़ी गायब कर दी और उनके साथ धोखाधड़ी की।