तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले में ट्रक ने पहले ट्रैक्टर और फिर कार को टक्कर मार दी।हादसे में कार में बैठे बच्चे सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। चार लोग घायल हैं।इनमें 2 लोग कार में थे और 2 युवक ट्रैक्टर पर सवार थे।हादसा बीकानेर-श्रीडूंगरगढ़ रोड पर सिजराल होटल के पास बुधवार देर रात 2 बजे हुआ।कार एक तरफ से पिचक गई। दोनों शव बुरी तरह फंस गए थे।श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव ने बताया कि कार सवार निशा (18) पुत्री जुगलाल कस्वां और विकास (13) पुत्र संजय पाल की मौत हुई है।निशा का भाई कपिल कुमार कस्वां (22) और मां राजबाला (40) घायल हैं।ये सभी चूरू जिले के साहवा के रहने वाले हैं। यह परिवार रामदेवरा (जैसलमेर) के दर्शन के लिए जा रहा था। विकास (मृतक) इस परिवार का परिचित था।ट्रैक्टर पर सवार भादरा (हनुमानगढ़) निवासी सतवीर (22) पुत्र देवीलाल और ड्राइवर सुनील (20) पुत्र दौलतराम घायल हुए।हादसे में कार एक तरफ से पिचक गई।
कार में फंसे शवों को निकाला
हादसे के बाद मौके पर लोग इकट्ठा हो गए थे।सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची।पहले घायलों को श्रीडूंगरगढ़ के सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया।इसके बाद एंबुलेंस की टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंची। कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकालने में मदद की। शवों को मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया गया।पुलिस दुर्घटना के कारणों और मौके पर वाहनों की स्थिति की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि ट्रक बीकानेर की तरफ से श्रीडूंगरगढ़ आ रहा था।
