तहलका न्यूज,बीकानेर।कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा ने स्कूल प्रबंधन पर टीसी एवं अंकतालिका उपलब्ध कराने में कथित देरी का गंभीर आरोप लगाया है।छात्रा सुनेना सोनी पुत्री जगदीश प्रसाद सोनी ने जिला कलेक्टर,बीकानेर को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच और उसे 10वीं बोर्ड परीक्षा में पुन: आवेदन का अवसर दिलाने की मांग की है।शिकायत के अनुसार छात्रा ने सेंट श्री खेतश्वर एजुकेशन सोसायटी विद्यालय,बीकानेर में कक्षा 10वीं तक पढ़ाई की।छात्रा का कहना है कि पारिवारिक परिस्थितियों एवं मानसिक तनाव के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित हुई और कक्षा 10 में सप्लीमेंट्री आ गई।इसके बाद विद्यालय प्रबंधन द्वारा कथित रूप से फीस बकाया होने का हवाला देते हुए टीसी और अंकतालिका करीब 4 माह तक उपलब्ध नहीं कराई गई।छात्रा का आरोप है कि दस्तावेज समय पर नहीं मिलने के कारण वह दूसरे विद्यालय में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी नहीं कर सकी और 10वीं बोर्ड परीक्षा के पुन: आवेदन की निर्धारित समय-सीमा भी निकल गई। बाद में विलंब शुल्क सहित आवेदन की अंतिम तिथि निकलने के बाद,शिकायत के अनुसार लगभग चार दिन पूर्व विद्यालय प्रबंधन ने उसे टीसी एवं अंकतालिका उपलब्ध करवाई।
एक साल की पढ़ाई प्रभावित होने का दावा
एडवोकेट अनिल सोनी ने बताया कि शैक्षणिक दस्तावेज समय पर नहीं मिलने के कारण वह 10वीं बोर्ड परीक्षा में पुन: शामिल होने के अवसर से वंचित हो गई और उसका एक पूरा शैक्षणिक वर्ष खराब होने की स्थिति पैदा हो गई।छात्रा ने प्रशासन से मामले की जांच कर विद्यालय प्रबंधन से दस्तावेज रोकने के कारणों का स्पष्टीकरण लेने की मांग की है।
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से विशेष अनुमति की मांग
छात्रा ने जिला प्रशासन के माध्यम से माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान,अजमेर को विशेष परिस्थितियों के आधार पर प्रकरण भेजने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार 10वीं बोर्ड परीक्षा का पुन:आवेदन भरने की अनुमति दिलाने की मांग की है।शिकायत में जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से बोर्ड अजमेर को तथ्यात्मक रिपोर्ट भेजने और यदि दस्तावेज रोकने में किसी नियम का उल्लंघन पाया जाता है तो विद्यालय के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की भी मांग की गई है।
