तहलका न्यूज,बीकानेर।नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नाल थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को संदिग्ध एमडी के साथ गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52.27 ग्राम संदिग्ध एमडी बरामद करने के साथ ही परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की है।पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में डीएसटी प्रभारी सुरेंद्र पचार और नाल थानाधिकारी विकास बिश्नोई के नेतृत्व में टीम ने 29 सितम्बर की देर रात करमीसर स्थित गेमनापीर रोड पर तेरह मंजिला भवन की बेसमेंट पार्किंग में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को दो व्यक्तियों के पास संदिग्ध मादक पदार्थ मिला,जिसे जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार अग्रवाल उर्फ लादेन पुत्र बुलाकी दास निवासी आचार्यों का चौक और नितेश पुरोहित उर्फ टिंकिया पुत्र राजकुमार निवासी भट्टडों का चौक के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ नाल थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22, 25 और 29 तथा बीएनएस की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस अब जब्त की गई एमडी के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। कार्रवाई में डीएसटी के एएसआई रामकरण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
