IMG-20220107-WA0031

 

तहलका न्यूज,बीकानेर।शहर के रानी बाजार स्थित अपेक्स अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के बाद महिला मरीज की मौत पर बुधवार रात हंगामा हो गया।आक्रोशित परिजनों ने ऑपरेशन करने वाले सीनियर डॉक्टर डॉ.तनवीर मालावत के साथ मारपीट की।मौके पर मौजूद पार्षद नवल किशोर पुरोहित व अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया। इस दौरान डॉ मालावत के कपड़े भी फाड़ दिए गये।मामले की जानकारी के साथ ही कोटगेट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।

एक दिन पहले हुआ था पथरी का ऑपरेशन
मामला रानी बाजार स्थित अपेक्स हॉस्पिटल का है।हंसेरा निवासी रुकसाना बानो पत्नी इकबाल उस्ता को परिजन दो दिन पहले पित्त की थैली में पथरी की शिकायत के चलते शहर के एक निजी अस्पताल लेकर आए थे। मृतका के भांजे मोनू उस्ता के अनुसार, रुकसाना अस्पताल में चलकर आई थी। चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर पथरी निकाल दी। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार से ही चिकित्सक मरीज की हालत गंभीर बता रहे थे, लेकिन उसे किसी बड़े अस्पताल में रेफर नहीं किया गया। बुधवार रात उसकी मौत हो गई।इसके बाद आक्रोशित परिजन ऑपरेशन करने वाले डॉ.तनवीर मालावत के पास पहुंचे और मारपीट करने लगे।पार्षद नवल पुरोहित सहित कई लोगों ने बीच-बचाव कर मारपीट कर रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद डॉक्टर को केबिन से बाहर निकाला गया।अस्पताल में अचानक हुए घटनाक्रम से अफरा तफरी मच गई।अन्य मरीजों के परिजन भी मौके पर एकत्र हो गए।

ऑपरेशन के 24 घंटे बाद दर्द और हुई घबराहट
डॉ. तनवीर मालावत का कहना है कि रुकसाना के गॉल ब्लेडर में पथरी थी,जिसे ऑपरेशन कर बाहर निकाला गया था। ऑपरेशन के 24 घंटे बाद महिला ने दर्द और घबराहट की शिकायत की। वार्ड में डॉक्टर ने ईसीजी कर कार्डियोलॉजिस्ट को भेजी थी। इसके बाद इको किया गया। पल्स रेट ज्यादा आ रहा था,इसलिए उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया। वहां अलग टीम होती है,जो उसकी देखरेख कर रही थी।इसी दौरान उसकी मौत हो गई।मरीज को चिरंजीवी योजना के तहत भर्ती किया गया था।

बीकानेर पूर्व से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुके हैं मालावत
डॉ.तनवीर मालावत बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रह चुके हैं। वे सर्जन हैं और खासकर पथरी व फिशर के ऑपरेशन के लिए पहचान रखते हैं।अपेक्स हॉस्पिटल की जगह पहले खुद का डॉ.तनवीर मालावत हॉस्पिटल चलाते थे।

फाइल मांगने पर भी नहीं दी
मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन (एपेक्स हॉस्पिटल) से उसकी फाइल मांगी,लेकिन आरोप है कि फाइल उपलब्ध नहीं कराई गई।परिजनों को कभी फाइल इधर-उधर होने की बात कही गई तो कभी कोई अन्य कारण बताया गया।इससे परिजनों का गुस्सा और बढ़ गया। परिजनों ने आशंका जताई कि मरीज की फाइल में बाद में बदलाव किया जा सकता है।

100 से 150 लोग अस्पताल में जुटे
मौत की सूचना के बाद बड़ी संख्या में परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए। करीब 100 से 150 लोगों के जुटने से अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। इसी दौरान डॉ.तनवीर मालावत के साथ मारपीट की गई।मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर डॉक्टर को बचाया।

पांच छोटी बच्चियों की मां थी रुकसाना
परिजनों के अनुसार, रुकसाना की पांच छोटी बच्चियां हैं।परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि,मरीज की मौत की वास्तविक वजह और उपचार में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं,यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।