तहलका न्यूज,बीकानेर।शहर में बदहाल सफाई व्यवस्था से आक्रोशित कांग्रेस पार्षदों ने एक बार फिर निगम में हंगामा किया। पिछले तीन दिनों में दूसरी बार हुए इस हंगामें और विरोध के बावजूद भी निगम के अधिकारी मूकदर्शक बने है। हालात यह है कि आयुक्त तो निगम से नदारद ही हो गये। बताया जा रहा है कि नगर निगम में शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं और पार्षदों ने शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।इस दौरान विरोध करने वाले पार्षदों ने तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है कि यदि सोमवार तक व्यवस्था सुचारू नहीं हुई तो मंगलवार को शहरवासियों से आग्रह कर इसे जनआन्दोलन बनाया जाएगा और बीकानेर बंद किया जाएगा।शहर में नियमित कचरा संग्रहण नहीं होने और कई मोहल्लों में कचरा उठाने वाली टैक्सियों व ट्रैक्टरों के नहीं पहुंचने से नाराज कांग्रेस पार्षदों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि हेमंत कातेला ने आयुक्त और उपायुक्त के कक्ष के बाहर कचरा डालकर विरोध जताया। इसके बाद निगम परिसर में काफी देर हंगामा हुआ।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर दावे धरातल पर नजर नहीं आ रहे हैं।रोजाना कचरा नहीं उठने से आमजन परेशान हैं। लोगों को अपने मोहल्लों में गंदगी का सामना करना पड़ रहा है। सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने के कारण जनता का आक्रोश अब जनप्रतिनिधियों के सामने भी नजर आने लगा है।नवनिर्वाचित पार्षदों को अपने वार्डों में लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ रही है। इस दौरान निगम को पुलिस छावनी के रूप में तब्दील कर दिया गया।
आयुक्त-उपायुक्त कक्ष के बाहर डाला कचरा
विरोध प्रदर्शन के दौरान आयुक्त और उपायुक्त के कक्ष के बाहर कचरा डाल दिया। कांग्रेस नेताओं का कहना था, जब शहर में जगह-जगह कचरा जमा है। उसका नियमित उठाव नहीं हो रहा है तो निगम प्रशासन को भी इसकी गंभीरता का एहसास होना चाहिए। प्रदर्शन में कांग्रेस पार्षद मनोज बिश्नोई के साथ पारस मारू,दुर्गादास छंगाणी,जावेद खान,धर्मवीर नाहटा,नवलकिशोर पुरोहित,नंदलाल जावा,ओमप्रकाश लोहिया,कमल साध शामिल हुए।
आयुक्त नहीं पहुंचे तो उपायुक्त से बात
निगम में काफी देर विरोध प्रदर्शन और हंगामा चला। कांग्रेस नेताओं की नाराजगी के बीच आयुक्त मौके पर नहीं पहुंचे तो पार्षदों ने उपायुक्त दमयंती कंवर से वार्ता की। पार्षदों ने कहा,नए सफाई ठेके के बावजूद कई क्षेत्रों में नियमित कचरा संग्रहण शुरू नहीं हो पाया। जनप्रतिनिधियों को जन विरोध का सामना करना पड़ रहा है। इस पर उपायुक्त दमयंती कंवर ने कहा कि प्रशासन सफाई व्यवस्था सुचारू बनाने को प्रयासरत है। हालांकि, कांग्रेस पार्षद तत्काल सुधार और धरातल पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग पर अड़े रहे।
सोमवार तक का अल्टीमेटम,बीकानेर बंद की चेतावनी
कांग्रेस पार्षद मनोज विश्नोई ने निगम प्रशासन को सोमवार तक सफाई व्यवस्था में सुधार का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने चेताया कि निर्धारित समय तक शहर में नियमित कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था सुचारू नहीं हुई तो बीकानेर बंद किया जाएगा। पार्षदों का कहना था कि सफाई जैसी बुनियादी व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आंदोलन तेज किया जाएगा।
नया ठेका शुरू,फिर भी कचरा संग्रहण पर सवाल
निगम में नए बोर्ड के गठन से पहले सफाई को लेकर नए टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई थी। संबंधित फर्म ने 3 अक्टूबर से काम शुरू किया,लेकिन शहर के कई मोहल्लों से कचरा संग्रहण टैक्सियों और ट्रैक्टरों के नियमित रूप से नहीं पहुंचने की शिकायतें सामने आ रही हैं। पार्षदों के अनुसार कई क्षेत्रों में घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था अपेक्षित रूप से शुरू नहीं हो पाई। ऐसे में घरों और मोहल्लों में कचरा जमा होने की समस्या बनी है। नए निर्वाचित पार्षदों के सामने भी यह बड़ा मुद्दा बन गया है। वार्डों में सफाई नहीं होने का सीधा जवाब उन्हें जनता को देना पड़ रहा है।
वर्जन
नई ठेका कंपनी के पास न तो पर्याप्त संसाधन है। जो टिपर लाएं गये है,वे दो ट्रिप से ज्यादा कचरा संग्रहण नहीं कर पाते। ऐसे में छोटे व कम क्षमता के इलेक्ट्रिक टिपर के भरोसे सफाई व्यवस्था की उम्मीद नहीं की जा सकती। रही कसर ठेका कंपनी की शर्तें पूरी कर रही है। विरोध करने पर पुलिस का पहरा भी दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर आगामी तीन दिनों में व्यवस्था नहीं सुधरी तो बीकानेर बंद जैसे कदम उठाएंगे।
मनोज विश्नोई,कांग्रेस पार्षद
