डॉ.चौहान को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड,
तहलका न्यूज,बीकानेर।एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया,राजस्थान चैप्टर के वार्षिक सम्मेलन ASIRAJ-2026 का शनिवार को रिद्धि-सिद्धि रिसोर्ट में भव्य आगाज हुआ। सम्मेलन में राजस्थान सहित देश के विभिन्न हिस्सों से करीब 480 सर्जन,चिकित्सक और युवा सर्जिकल प्रशिक्षु जुटे।उद्घाटन के साथ ही दिनभर चले वैज्ञानिक सत्रों में आधुनिक सर्जरी की तकनीकों,उपचार की नई पद्धतियों और भविष्य की चिकित्सा संभावनाओं पर विशेषज्ञों ने गहन मंथन किया।मुख्य अतिथि एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष एवं महाराष्ट्र के डॉ.प्रतापसिंह ए.वारुटे रहे।वहीं एस.एन.मेडिकल कॉलेज,जोधपुर के पूर्व प्राचार्य एवं प्रख्यात यूरोलॉजिस्ट डॉ.अमीलाल भट को गेस्ट ऑफ ऑनर से नवाजा गया।समारोह में एएसआई राजस्थान चैप्टर के अध्यक्ष डॉ.राज कमल जैन,सचिव डॉ.महेश राव,एस.पी.मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ.सुरेन्द्र वर्मा,पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बी.सी.घीया तथा ASIRAJ के चेयरमैन डॉ.मोहम्मद सलीम सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।सम्मेलन के आयोजन सचिव डॉ.मनोहर एल. दवाँ,वरिष्ठ प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष,सर्जरी विभाग,एस.पी.मेडिकल कॉलेज एवं पीबीएम अस्पताल,बीकानेर ने आयोजन का समन्वय किया।
पीबीएम के गोल पार्क में पहली बार मोरिंगा का पौधारोपण
ASIRAJ-2026 की गतिविधियों में एक पहल विशेष रूप से चर्चा में रही। मेडिकल कॉलेज में अनेक सम्मेलन आयोजित हुए हैं, लेकिन पहली बार पीबीएम अस्पताल परिसर स्थित गोल पार्क में औषधीय गुणों वाले मोरिंगा के पौधे का पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर प्रिंस विजय सिंह को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया।शल्य चिकित्सा विभाग की ओर से की गई इस पहल को पीबीएम अस्पताल के प्रति आस्था, जुड़ाव और सम्मान से जोड़कर देखा गया। आयोजन से जुड़े चिकित्सकों के अनुसार पौधारोपण का उद्देश्य चिकित्सा सेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण और अस्पताल की स्मृतियों को भी एक स्थायी प्रतीक से जोड़ना रहा।
लैप्रोस्कोपिक से रोबोटिक सर्जरी तक… विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव
वैज्ञानिक सत्रों में लैप्रोस्कोपिक सर्जरी,हर्निया सर्जरी,रोबोटिक सर्जरी,ब्रेस्ट कैंसर सर्जरी,डायबिटिक फुट और मिनिमल एक्सेस सर्जरी सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान हुए। पैनल चर्चाओं और वैज्ञानिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभर से आए विशेषज्ञों ने आधुनिक सर्जिकल तकनीकों एवं अपने अनुभवों को साझा किया।शोध-पत्र,ई-पोस्टर,वीडियो प्रस्तुतियों और स्नातकोत्तर क्विज में युवा चिकित्सकों एवं पीजी विद्यार्थियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सम्मेलन ने वरिष्ठ विशेषज्ञों और नई पीढ़ी के सर्जनों के बीच ज्ञान एवं अनुभव के आदान-प्रदान का मंच उपलब्ध कराया।
बीकानेर में लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के विकास में डॉ.एस.पी.चौहान का योगदान रेखांकित
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण एस.पी. मेडिकल कॉलेज के पूर्व सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. एस.पी. चौहान का सम्मान रहा। सर्जरी के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया। आयोजकों ने बीकानेर में लैप्रोस्कोपिक एवं एंडोस्कोपिक सर्जरी की शुरुआत और विकास में उनके योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया तथा उन्हें “बीकानेर में लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के जनक” के रूप में सम्मानित किया।
युवा सर्जनों तक पहुंचेगा विशेषज्ञों का अनुभव
आयोजन सचिव डॉ. मनोहर एल.दवाँ ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य अनुभवी सर्जनों के ज्ञान और आधुनिक तकनीकों को युवा चिकित्सकों तक पहुंचाना है। ऐसे आयोजन सर्जिकल शिक्षा को नई दिशा देने के साथ मरीजों के लिए आधुनिक चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत करने में सहायक होते हैं।दिनभर चले वैज्ञानिक कार्यक्रम के बाद एएसआई राजस्थान चैप्टर की सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई,जिसमें संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
लेजर से एआई तक—बीकानेर में सर्जरी के भविष्य का नया अध्याय
ASIRAJ-2026 में एक ओर जहां अत्याधुनिक सर्जिकल तकनीकों पर विशेषज्ञों ने विचार साझा किए, वहीं पीबीएम अस्पताल के गोल पार्क में मोरिंगा पौधारोपण और प्रिंस विजय सिंह की स्मृति ने आयोजन को चिकित्सा सेवा, पर्यावरण और संस्थान के प्रति सम्मान से भी जोड़ा। सम्मेलन का व्यापक संदेश रहा“लेजर से एआई तक, बीकानेर में सर्जरी के भविष्य का नया अध्याय।”
क्विज में एसपी मेडिकल कॉलेज बीकानेर ने मारी बाजी
सम्मेलन के दौरान आयोजित स्नातकोत्तर क्विज प्रतियोगिता में युवा चिकित्सकों ने अपनी सर्जिकल एवं मेडिकल नॉलेज का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। जेएलएन मेडिकल कॉलेज, अजमेर की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि एम्स जोधपुर के विद्यार्थियों ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। क्विज के माध्यम से प्रतिभागियों के सर्जरी से जुड़े ज्ञान,क्लिनिकल समझ और त्वरित निर्णय क्षमता को परखा गया। विजेता टीमों की उपलब्धि पर सम्मेलन में मौजूद वरिष्ठ विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बधाई दी।
अगला ASIRAJ सम्मेलन कोटा में,डॉ. आर.के.शर्मा को जिम्मेदारी
सम्मेलन के दौरान आयोजित एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया,राजस्थान चैप्टर की जनरल बॉडी मीटिंग (GBM) में संगठनात्मक विषयों के साथ आगामी सम्मेलन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में तय किया गया कि अगला ASIRAJ सम्मेलन कोटा में आयोजित किया जाएगा और इसके आयोजन की जिम्मेदारी सुधा मेडिकल कॉलेज को सौंपी गई है।सम्मेलन के आयोजन के लिए डॉ. आर.के. शर्मा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई। बैठक में आगामी सम्मेलन को वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक दृष्टि से और अधिक प्रभावी बनाने सहित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।
