तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर में अवैध गतिविधियों की शिकायतों पर पुलिस की ओर से लगातार स्पा सेन्टरों पर कार्रवाई की जा रही है। पिछले एक पखवाड़े में जिला पुलिस ने तीन स्पा सेन्टरों पर कार्रवाई की है। जहां से युवक-युवतियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो कार्रवाई कोटगेट पुलिस द्वारा जबकि एक कार्रवाई कोतवाली पुलिस ने की है। बता दे कि कोटगेट थाना पुलिस ने देर रात सिल्वर स्क्वायर स्थित डिलाइट स्पा सेंटर पर दबिश देकर चार लोगों को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार स्पा सेंटर में संदिग्ध गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर कोटगेट थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। दबिश के दौरान वहां मौजूद चार लोगों को हिरासत में लिया गया।पुलिस ने स्पा सेंटर से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की और मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की जाने की सूचना है।गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। फिलहाल पुलिस सभी को थाने लाकर पूछताछ की है। साथ ही स्पा सेंटर के संचालन,लाइसेंस और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तीन दिन पहले भी की गई कार्रवाई
उधर कोटगेट थाना पुलिस की ओर से तीन दिन पहले भी रानीबाजार स्थित गंगोत्री कॉम्प्लेक्स के पास चल रहे एक स्पा सेन्टर पर कार्रवाई क र चार युवतियों व एक युवक को गिरफ्तार किया था। वहीं एक अप्रेल को कोतवाली थाना पुलिस द्वारा भी कार्रवाई कर दो युवतियों व एक युवक को हिरासत में लिया था।