jewleres

तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर के गंगाशहर थाना इलाके में नकाबपोश युवकों द्वारा एक ज्वैलर्स के घर पर हमला कर आग के हवाले करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें नकाबपोश युवक हथियारों से घर पर हमला कर पेट्रोल डालकर उसे जलाने का प्रयास करते देखे जा सकते है। जानकारी मिली है कि पाबू चौक निवासी पवन सोनी के यहां आज दोपहर में तीन युवकों ने हमला किया। पहले दो नकाबपोश युवकों ने पेट्रोल से दरवाजे को जलाने की कोशिश की,लेकिन नाकाम रहे। नाकामी के बाद एक अन्य साथी के साथ कुल्हाड़ी व डंडे से हमला किया। दरवाजे व खिड़कियों पर वार किए। दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए तीन में से एक युवक का चेहरा खुला था। थानाधिकारी समरवीर सिंह के अनुसार परिवादी ने पुलिस को बताया है कि युवकों ने सुबह घर के बाहर गाली गलौज की। धमकी भी दी। बाद में वह परिवार सहित शादी में चला गया। पीछे से आरोपियों ने ये वारदात की। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर में कोई नहीं था। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले का कारण क्या था। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को पकडऩे का प्रयास कर रही है।