तहलका न्यूज,बीकानेर।सामाजिक सहभागिता, सहकारिता और सामूहिकता का अनुपम उदाहरण पुष्करणा ओलंपिक सावा बीकानेर की सांस्कृतिक परंपरा का एक विशिष्ट और ऐतिहासिक आयोजन है। यह ऐसा अनूठा सामाजिक उत्सव है,जहाँ सैकड़ों विवाह एक ही दिन, एक ही स्थान पर,बिना किसी दिखावे के,अत्यंत सादगी एवं कम खर्च में सम्पन्न होते हैं।वर्षों पुरानी यह परंपरा सामाजिक समरसता,पारिवारिक सहयोग और संस्कारों की जीवंत मिसाल है,जो आज के समय में भी प्रासंगिक और प्रेरणादायी बनी हुई है।इस अवसर पर बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल द्वारा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के तहत वधु पक्ष के 108 परिवारों को सामूहिक रूप से भेंट प्रदान की गई। इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मिलकर शगुन स्वरूप नकद राशि, वधुओं के लिए साड़ियाँ (बेस) तथा घरेलू उपयोग की आवश्यक सामग्री भेंट की।बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी ने बताया कि व्यापार मंडल केवल व्यापारिक हितों तक सीमित न रहकर सामाजिक सरोकारों के कार्यों के लिए भी सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पुष्करणा ओलंपिक सावा जैसे आयोजनों में सहभागिता करना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है और भविष्य में भी मंडल इस प्रकार के सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।इस अवसर पर राजस्थान वूल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री कमल कल्ला ने व्यापार मंडल की इस जनसहभागिता आधारित पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।रामेश्वर जाखड़ ने कहा कि व्यापार उद्योग मंडल निरंतर समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।शोभासर एसोसिएशन के अध्यक्ष मेघाराम गोदारा ने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यों के लिए आने वाले समय में और अधिक सहयोग व सहभागिता की जाएगी।रानीबाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम जोशी ने व्यापार मंडल की इस सामाजिक पहल को अत्यंत प्रेरणादायी बताया।मंडल के सचिव संजय जैन सांड ने इस पुनीत कार्य में सहयोग प्रदान करने के लिए बीकाजी समूह के मैनेजिंग डायरेक्टर दीपक अग्रवाल,रॉयल ऑयल समूह,बीकानेर हैंडलूम कारपेट,त्रिशूल साबुन परिवार,मेघाराम गोदारा परिवार सहित सभी सहयोगी संस्थाओं व परिवारों का आभार व्यक्त किया।साथ ही आयोजन के कुशल संचालन हेतु जनक हर्ष,मनोज सोलंकी,कमल बोथरा,जयनारायण डागा, शांतिलाल कोचर, संदीप बुडानिया,श्याम राठी,रतनलाल सोमानी,राजकुमार व्यास,विष्णु अग्रवाल आदि का विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया।