तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले में पुलिस प्रशासन को नई दिशा देने के लिए बुधवार को मृदुल कच्छावा ने पुलिस अधीक्षक के पद का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करते ही पुलिस लाइन में उन्हें सशस्त्र जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।इस दौरान पूरा माहौल अनुशासन और गरिमा से भरा नजर आया।कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कानून-व्यवस्था,गैंगस्टर गतिविधियों,नशाखोरी,सड़क हादसों और पुलिसिंग सुधार को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।एसपी मृदुल ने कहा कि रोहित गोदारा गैंग जैसे मामलों को नया नहीं बताया,लेकिन इस पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि एंटी गैंग टास्क फोर्स के साथ मिलकर गैंगस्टर्स के पूरे नेटवर्क पर काम किया जाएगा। सोशल मीडिया फॉलोवर से लेकर ग्राउंड नेटवर्क तक जुड़े बड़े अपराधियों की रीढ़ तोडऩे का काम किया जाएगा।

सीमा पर ड्रोन गतिविधियों पर नजर
सीमा क्षेत्र में ड्रोन के जरिए नशा और हथियार गिराए जाने की घटनाओं को गंभीर बताते हुए एसपी ने कहा कि इस पर बीएसएफ और इंटेलिजे ंस एजेंसियों के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए बॉर्डर पर पुलिस की सक्रियता है,इसे और बढ़ाया जाएगा।

नेशनल हाईवे हादसों पर फोकस
नेशनल हाईवे पर बढ़ते सड़क हादसों को लेकर एसपी ने कहा कि रोड सेफ्टी मीटिंग में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी और ट्रांसपोर्ट विभाग के साथ समन्वय किया जाएगा।ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जाएंगे और हादसों में मौत के आंकड़े कम करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे

एआई के दुरुपयोग पर चेतावनी
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के गलत इस्तेमाल को लेकर एसपी ने साफ कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दुरु पयोग करने वालों को सावधान रहना होगा। गलत और फर्जी फोटो बनाकर उसका दुरुपयोग करना कानून में गलत है, इस पर कार्रवाई होगी।पुलिस के व्यवहार को लेकर उठने वाले सवालों पर उन्होंने कहा कि सुपरवाइजरी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। प्रोफेशनल व्यवहार के लिए सुधार किए जाएंगे। पुलिसकर्मियों के तनाव को कम करने के लिए विशेष कोर्स चलाए जा रहे हैं।

नशाखोरी पर सख्त रुख
जिलेमें नशाखोरी पर नियंत्रण को प्राथमिकता बताते हुए एसपी ने कहा कि इस पर अभियान चलाया जाएगा। पुलिसकर्मियों की संलिप्तता के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून के सामने सभी बराबर हैं। अपराध करने वाला और सहयोग करने वाला,दोनों दोषी हैं।

अधिकारियों से की चर्चा
नव नियुक्त एसपी के स्वागत के लिए पुलिस महकमे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़, बनवारी लाल मीणा, आईपीएस अधिकारी अनुष्ठा कालिया,सीओ अनुज डाल सहित अन्य अधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया और जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा की।

यात्रा के रूट पर फ्लैग मार्च

कल भारतीय नव वर्ष के अवसर पर निकलने वाली धर्म यात्रा को लेकर आज ही कार्यभार ग्रहण करने वाले नए पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ते ने सिटी राउंड लिया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी सहित शहरी क्षेत्र के अनेक थानाधिकारी भी इस पैदल रूट मार्च में मौजूद रहे। जब पुलिस का यह पैदल रूट मार्च गोकुल सर्किल से गुजरा तो भारतीय नव वर्ष समारोह समिति के पदाधिकारियों ने इस पर पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया।