



तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के नोखा थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने युवक को घर में घुसकर मारा है। जिसके चलते गांव में दहशत सी फैल गई है। जानकारी मिली है कि रासीसर गांव में सोमवार रात ट्रक चालक अनिल बिश्नोई की उसके अपने ही घर में अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। घटना की जानकारी तब मिली जब पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार उसे चाय के लिए बुलाने पहुंचे।
नहाने गया था घर, फिर नहीं लौटा
पुलिस जांच में सामने आया है कि अनिल बिश्नोई सोमवार सुबह ही अपनी गाड़ी लेकर रासीसर आया था। उसने अपना ट्रक गांव के पास एक होटल पर खड़ा किया और नहाने के लिए अपने घर चला गया। शाम तक जब वह बाहर नहीं निकला,तो पड़ोसियों ने उसे आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर जब परिजन घर के अंदर दाखिल हुए,तो मुख्य गेट के पास अनिल का शव खून से लथपथ पड़ा देख उनके होश उड़ गए।
कसी से किया सिर पर हमला
वारदात की सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुँचे। पुलिस को घटनास्थल से एक खून से सनी कसी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, हमलावरों ने अनिल के सिर पर कसी से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुँची स्नस्रु और रूह्रक्च टीमों ने फिंगरप्रिंट्स और अन्य साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
जांच के घेरे में आपसी रंजिश
एएसपी ग्रामीण बनवारीलाल मीणा और सीओ नोखा जनरैलसिंह ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। पुलिस हत्या के कारणों की तलाश में जुटी है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या किसी करीबी की संलिप्तता का लग रहा है, क्योंकि हमलावर घर की भौगोलिक स्थिति से वाकिफ थे। पुलिस गांव के संदिग्धों और मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है।
