तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के महाजन उप तहसील के अर्जुनसर गांव के मुख्य बाजार में रविवार को सुबह 7 बजे एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग में लपटे पास की दूसरी दुकानों तक पहुंची आग की इस घटना में लाखों रुपए के नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है।जानकारी मिली है कि अर्जुनसर सरपंच सुमन गवारिया के पति पवन गवारिया की दुकान में अचानक आग लग गई।आग लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदार व स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
फायर ब्रिगेड के समय पर नहीं पहुंचने के कारण स्थानीय नागरिकों ने अपने स्तर पर ही आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग बुझाने के लिए ग्रामीणों को काफी संघर्ष करना पड़ा। आग अचानक भड़की और तेजी से फैलने लगी। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण,सामाजिक कार्यकर्ता और किसान मौके पर पहुंचे। पानी के टैंकर और स्प्रे मशीनों (ढोल) के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया गया,लेकिन आग इतनी भीषण थी कि दुकान की छत गिर गई और लपटें आसपास की दुकानों की ओर बढऩे लगीं।

10 से 15 लाख रुपए नुकसान का अंदेशा

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस आगजनी में करीब 10 से 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। दुकान में रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।घटना के दौरान क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की अनुपलब्धता साफ नजर आई। बताया जा रहा है कि फायर ब्रिगेड करीब तीन घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, तब तक स्थानीय लोग ही आग पर काफी हद तक काबू पा चुके थे।

क्षेत्र में फायर ब्रिगेड के अभाव पर सवाल
इस घटना के बाद महाजन व आसपास के क्षेत्रों में फायर ब्रिगेड की कमी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि समय पर दमकल पहुंचती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।