
तहलका न्यूज,बीकानेर।सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग द्वारा टाटा मेमोरियल सेंटर के ट्रैवलिंग स्कूल ऑफ ऑन्कोपैथोलॉजी तथा आईएपीएम राजस्थान चैप्टर के सहयोग से 16 से 18 अप्रैल तक तीन दिवसीय ऑन्कोपैथोलॉजी वर्कशॉप और सीएमई का आयोजन किया जाएगा।प्राचार्य डॉ.सुरेंद्र कुमार वर्मा ने कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया।इस अवसर पर अतिरिक्त प्राचार्य डॉ रेखा आचार्य,डॉ.एन एल महावर,डॉ.नीति शर्मा, डॉ.डी.पी .सोनी,डॉ.वनिता कुमार,डॉ.नीलिमा सोढ़ी,डॉ.निधि बिनानी,डॉ.सुनीता बिका,डॉ.सुनीता कुलहरी,डॉ.विजेता मोदी तथा डॉ.ओम प्रकाश सिंह उपस्थित रहे।आयोजन सचिव डॉ.ओम प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह एक व्यापक शैक्षणिक कार्यक्रम है जिसमें कैंसर पैथोलॉजी में निदान उत्कृष्टता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पैथोलॉजिस्ट्स के लिए ऑन्कोपैथोलॉजी सीएमई,टेक्नोलॉजिस्ट्स के लिए हैंड्स-ऑन वर्कशॉप,इंटरैक्टिव सत्र,केस आधारित चर्चाएं और विशेषज्ञ फैकल्टी द्वारा व्याख्यान शामिल होंगे। डॉ.ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम चिकित्सा महाविद्यालयों और ऑन्कोलॉजी केंद्रों के फैकल्टी, रेजिडेंट्स तथा टेक्नोलॉजिस्ट्स के लिए क्षमता निर्माण पर केंद्रित है।इसमें अस्पताल और प्रयोगशाला राउंड्स,मल्टी-डिसिप्लिनरी ट्यूमर बोर्ड मीटिंग तथा प्रैक्टिकल ट्रेनिंग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।प्राचार्य डॉ.सुरेंद्र कुमार वर्मा ने इस आयोजन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कैंसर जैसी जटिल बीमारियों के सटीक निदान और उपचार में पैथोलॉजी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के कार्यशाला और सीएमई कार्यक्रम चिकित्सकों,रेजिडेंट्स तथा टेक्नोलॉजिस्ट्स को नवीनतम ज्ञान और कौशल से लैस करते हैं जिससे वे प्रिसीजन ऑन्कोलॉजी में बेहतर योगदान दे सकें।
