तहलका न्यूज,बीकानेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा का रिजल्ट आज मंगलवार को जारी हो गया। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का बारहवीं कला,वाणिज्य और विज्ञान का परिणाम मंगलवार को सुबह 10 बजे शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने उदयपुर से वेबसाइट पर बटन दबाकर जारी किया। इस दौरान अजमेर में बोर्ड प्रशासक और संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़,सचिव गजेंद्र सिंह,विशेषाधिकारी नीतू यादव और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उच्च माध्यमिक विज्ञान वर्ग की परीक्षा में इस वर्ष कुल 2,87,068 परीक्षार्थी पंजीकृत थे,जिनमें से 2,85,299 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। विज्ञान वर्ग का कुल परिणाम 97.52 प्रतिशत रहा। इसमें छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 97.02 तथा छात्राओं का उत्तीर्णता प्रतिशत 98.34 प्रतिशत दर्ज किया गया। प्रथम श्रेणी में 1,78,051 छात्रों में से 1,46,644 छात्र तथा 1,07,248 छात्राओं में से 98,636 छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं। वहीं कला वर्ग का परिणाम-97.54 फीसदी, वाणिज्य वर्ग का परिणाम-93.65 फीसदी रहा।बीकानेर जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) किशनदान चारण ने बताया कि बीकानेर का रिजल्ट शानदार रहा है। साइंस में 96.40%,कॉमर्स में 99.28% और आट्‌र्स में 97.77% स्टूडेंट्स पास हुए हैं। साइंस में 5,602 स्टूडेंट्स फर्स्ट डिवीजन से पास हुए हैं, वहीं आट्‌र्स में 19 हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स फर्स्ट डिवीजन से पास हुए है। बीकानेर के होनहारों ने भी परिणाम में अपना लोहा मनवाया है। विज्ञान वर्ग में आरके पब्लिक स्कूल की छात्रा इशा कंवर साइंस में 99.40% लेकर आई है। इशा को 500 में से 497 अंक मिले हैं। इशा के पिता का नाम महेंद्र सिंह है। इशा के हिन्दी,मैथ्स और फिजिक्स में 99 मार्क्स है जबकि इंग्लिश और कैमेस्ट्री विषयों में 100 में से 100 नंबर आए है।सीताराम के 99.20 परसेंट मार्क्स है।वहीं श्रीडूंगरगढ़ के शुभम बोथरा ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किये है।कुचीलपुरा की रहने वाली हुजैफा फातिमा ने 97.80 प्रतिशत अंक हासिल कर यह साबित कर दिया कि सरकारी स्कूल के छात्र भी किसी से पीछे नहीं हैं। महारानी स्कूल की इस छात्रा ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि रोजाना करीब 8 घंटे की पढ़ाई और मोबाइल से दूरी ने उन्हें सफलता दिलाई।हालांकि प्रदेश स्तर पर इस बार रिजल्ट में हल्की गिरावट देखने को मिली है। 2025 के मुकाबले 2026 में कॉमर्स का रिजल्ट खासा नीचे आया है, जबकि आर्ट्स और साइंस लगभग स्थिर रहे। इसके बावजूद बीकानेर के विद्यार्थियों ने अपने प्रदर्शन से यह दिखा दिया कि मेहनत और अनुशासन के दम पर हर चुनौती को पार किया जा सकता है।रिजल्ट जारी होते ही बीकानेर में खुशियों की लहर दौड़ गई।बोर्ड परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राओं के परिजनों ने मिठाइयां बंटी, ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया और श एक-दूसरे का मुंह मीठा कर खुशी साझा की।

सबीहा नाज़ के 95.80%

राजस्थान उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड विज्ञान संकाय का रिजल्ट आने पर DCB बैंक में कार्यरत Sales Maneger सैय्यद मोहम्मद सलीम  की पुत्री सबीहा नाज़ ने कक्षा 12th विज्ञान संकाय में 95.80% अंक लेकर समाज ओर परिवार का नाम रोशन किया।फाउंडर इंस्टीट्यूट की नियमित छात्रा ने ये उपलब्धि का श्रेय अपने दादाजी रिटायर्ड वरिष्ठ अध्यापक सामाजिक विज्ञान हाजी सैय्यद इरफान अलीदादीजी गुलनार परवीन,पिता सैय्यद मोहम्मद सलीम,माता रेहाना सैय्यद,चाचा सैय्यद मोहम्मद ताहिर फार्मासिस्ट, हल्दीराम हार्ट अस्पताल,पी.बी.एम, चाची रेहाना परवीन व फाउंडर इंस्टीट्यूट के सदीक सर ओर समस्त स्टाफ को दिया।इन उपलब्धि पर परिवार के साथ सभी गणमान्य लोगों का मुबारकबाद का सिलसिला दिनभर चलता रहा।

रौनक ने बाजी मारी

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड,अजमेर द्वारा मंगलवार को जारी सीनियर सैकण्डरी परीक्षा परिणाम मे चायनान पब्लिक स्कूल बीकानेर की कक्षा 12 की छात्रा रौनक जहॉ ने विज्ञान संकाय में 81 प्रतिशत अंक अर्जित कर मॉ-बाप एवं स्कूल का नाम रोशन किया।बीएसएनएल मे लेखाधिकारी के पद पर कार्यरत रौनक के पिता ताहिर हुसैन ने बताया कि रौनक शुरु से ही होनहार छात्रा रही तथा सेकंडरी परीक्षा सीबीएसई मे भी रौनक ने 82 प्रतिशत अंक प्राप्त किये। रौनक ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता एवं स्कूल स्ट्राफ को दिया,स्कूल प्रबन्ध ने भी रौनक के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाये दी है।रौनक ने बताया कि भविष्य मे वह परिवार के अन्य सदस्यो की तरह शिक्षा के क्षेत्र मे जाकर देश् की सेवा करना चाहती है।

अग्रिमा शुक्ला ने आर्ट्स में गाड़ा झंडा
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 12वीं के नतीजों में बीकानेर की बेटी अग्रिमा शुक्ला ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विजय कान्त शुक्ला और करुणा शुक्ला की सुपुत्री अग्रिमा ने कला संकाय में 481 अंक प्राप्त कर प्रथम श्रेणी के साथ बड़ी सफलता हासिल की है। अग्रिमा की इस उपलब्धि से बीकानेर के शुक्ला परिवार में हर्ष का माहौल है। वे बीकानेर निवासी कमल कान्त शुक्ला की सुपौत्री हैं।

भूगोल : 100/100 (पूर्ण अंक)
राजनीति विज्ञान: 98/100
इतिहास: 98/100
अंग्रेजी: 94/100
हिंदी: 91/100

अग्रिमा ने बताया कि उनका सपना UPSC क्रैक कर आईएएस (IAS) अधिकारी बनने का है। अग्रिमा को प्रशासनिक सेवा में जाने की प्रेरणा अपने फूफाजी नितिन शर्मा से मिली है, जो वर्तमान में भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट में कार्यरत हैं। अपने आदर्श को सामने देख अग्रिमा ने अभी से ही सिविल सेवा की तैयारी के लिए मानसिक रूप से खुद को तैयार कर लिया है।

‘कोचिंग से ज्यादा सेल्फ स्टडी पर भरोसा’
अपनी तैयारी के बारे में बात करते हुए अग्रिमा ने बताया कि उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं के लिए कोचिंग का सहारा तो लिया,लेकिन उनका मुख्य फोकस सेल्फ स्टडी पर ही रहा।

स्मार्ट स्टडी: उन्होंने सीबीएसई (CBSE) सिलेबस को आधार बनाकर अपनी रणनीति तैयार की।
अनुशासन: नियमित पढ़ाई और विषयों के गहन विश्लेषण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया।
मध्यमवर्गीय परिवार का बढ़ा गौरव
अग्रिमा के पिता विजय कान्त शुक्ला एक प्राइवेट जॉब में कार्यरत हैं और माता करुणा शुक्ला गृहणी हैं। एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाली अग्रिमा ने साबित कर दिया कि यदि इरादे मजबूत हों, तो संसाधनों की कमी सफलता के आड़े नहीं आती। परिणाम घोषित होते ही रिश्तेदारों और पड़ोसियों का अग्रिमा के घर तांता लग गया है और मिठाइयां बांटी जा रही हैं।