
तहलका न्यूज,बीकानेर।एक अप्रेल के साथ ही अनेक व्यवस्थाओं में बदलाव देखने को मिलता है। जहां अस्पतालों का समय बदल गया है। वहीं अब स्कूलों का नया सत्र भी प्रारंभ हो गया है। स्कूलों के नये सत्र की शुरूआत के साथ ही शिक्षा विभाग ने सत्र 2026-27 का कैलेंडर जारी कर दिया है। इस दफा कैलेंडर में छुट्टियों और परीक्षा समेत कई बड़े बदलाव किए गए हैं। सत्र में पूरे साल 121 दिन की छुट्टियां रहेंगी। इसमें 52 रविवार हैं। जबकि 69 अन्य अवकाश,जिसमें सरकारी छुट्टियां भी शामिल है। 244 दिन स्कूल खुलेंगे। जुलाई में सबसे ज्यादा 27 दिन स्कूल चलेंगे। जून में सबसे कम 7 दिन ही स्कूल खुलेंगे।नए कैलेंडर के अनुसार,सबसे बड़ा बदलाव सर्दी और गर्मी की छुट्टियों को लेकर किया गया है।स्कूलों में जयंती विशेष या स्पेशल डे पर होने वाले इवेंट जो चौथे पीरियड के बाद यानी हाफ डे में होते थे,वे अब प्रार्थना सभा या प्रथम क्लांश तक ही होंगे। बाकी पूरे दिन क्लास लगेगी।नवंबर में केवल 14 दिन ही स्कूल खुलेंगे। वहीं वार्षिक परीक्षाएं मार्च में पूरे करवा कर 25 मार्च तक रिजल्ट भी घोषित कर दिया जाएगा।
गर्मी की छुट्टियों के बाद 22 जून को खुलेंगे स्कूल
गर्मी की छुट्टियां 17 मई से शुरू होंगी,जो 20 जून तक हैं। 21 जून का रविवार है। ऐसे में स्कूल 22 जून से खुलेंगे। पहले स्कूल 1 जुलाई को खुलते थे। प्रिंसिपल पावर की छुट्टी को लेकर भी बदलाव किया गया है। पहले प्रिंसिपल को अपने स्तर पर दो छुट्टी करने का अधिकार था,उसे अब घटाकर एक दिन का ही कर दिया है।इधर,दीपावली की छुट्टियां 11 दिन की कर दी गई हैं। ये 4 से 15 नवंबर तक रहेंगी। सर्दी की छुट्टियां 1 से 10 जनवरी 2027 तक होंगी। 28 मई को वीर सावरकर जयंती और ईद का अवकाश है। लेकिन समर वेकेशन के चलते ये इनमें ही शामिल हैं। कैलेण्डर के अनुसार 13 मई से स्कूलों में प्रथम टेस्ट शुरू हो जाएंगे। ये 15 मई तक चलेंगे। इसके अलावा 7 मई को रविंद्र नाथ टैगोर जयंती को स्पेशल डे के रूप में मनाया जाएगा। क्लास नौवीं से 12वीं तक के प्रवेश 11 जुलाई तक ही हो पाएंगे।
डिजिटल एजुकेशन पर सबसे ज्यादा फोकस
इस बार डिजिटल एजुकेशन पर सबसे ज्यादा फोकस किया है। इसके तहत स्कूलों में आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही नो बैग डे,बालसभा और पेरेंट्स-टीचर मीटिंग नियमित तौर पर होगी।सितंबर में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को लेकर हर महीने ‘शक्ति दिवसÓ के तहत आयरन की गोलियां वितरित की जाएंगी।
