तहलका न्यूज,बीकानेर। भारत-पाकिस्तान के सीमावर्ती जिले बीकानेर में सैन्य क्षेत्र के पास 10 फीट लंबी सुरंग मिली है।मिलिट्री इंटेलिजेंस (MI) की जांच में डूंगर कॉलेज कैंपस में मंगलवार को मिली यह सुरंग बीकानेर कैंट से 250 मीटर दूर है।पुलिस की जांच में सामने आया कि एक युवक ने आर्मी एरिया के पास अस्थाई घर बनाने का प्रयास किया था।पुलिस ने दो भाइयों को डिटेन किया है। सुरंग से पुलिस को हेडफोन, बिजली के तार और 23 मार्च के अखबार में लिपटी चार रोटियां भी बरामद हुईं।

अस्थाई घर के लिए खोदा था गड्‌ढा

जयनारायण व्यास कॉलोनी थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने बताया- अजय मेहरा और विजय मेहरा सार्दुलगंज में पंचशती सर्किल के पास रहते हैं। दोनों शराब पीने के आदी हैं। दोनों के पिता नहीं हैं।मां मानसिक रूप से अस्वस्थ है। दोनों का घर नहीं है।ऐसे में अजय ने डूंगर कॉलेज परिसर में 10 फीट लंबा सुरंगनुमा गड्‌ढा खोद लिया था। वहीं पर रहने लगा।उसका प्लान था कि धीरे- धीरे यहीं पर अस्थाई कमरा बनाकर रहेगा।इस बीच किसी ने गड्‌ढे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया,जिससे जासूसी का शक हुआ। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई।

पुलिस बोली- जासूसी की कोई साजिश नहीं

थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी का कहना है- पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि गड्‌ढे की बनावट और उसके स्थान को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां इसे जासूसी से जोड़कर देख रही थीं,लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। दोनों भाइयों से पूछताछ की जा रही है।

प्रशासन ने तोड़ दिया था घर

पूछताछ में अजय मेहरा ने बताया कि हमारा पहले घर था,लेकिन प्रशासन ने उसे अतिक्रमण बताकर तोड़ दिया।इसके बाद हम दोनों भाई पंचशती सर्किल पर ही सोते थे।करीब एक महीने पहले हमारा आपस में झगड़ा हो गया, जिसके बाद मैंने अलग रहने का फैसला किया।मैं डूंगर कॉलेज के क्षेत्र में ही गड्ढा खोदकर अस्थाई घर बनाने का प्रयास कर रहा था,लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया।मैं दिनभर कबाड़ इकट्ठा करता हूं और उसे बेचने के बाद आए पैसों से खाना खरीदता हूं। जासूसी जैसा कोई प्रयास नहीं है।