


तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले सहित प्रदेश के अनेक टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों व वाहन चालकों के उलझने या मारपीट की खबरें सामने आती रही है। जिसके चलते कई बार तनाव के हालात भी बन जाते है। ऐसे में इन वारदातों पर अंकुश लगाने के लिये कोई ठोस प्रबंधन अभी तक नहीं किया गया है। ताजा मामला जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में सामने आया है। जहां हाईवे स्थित हरियासर टोल प्लाजा पर सोमवार को उपद्रव की गंभीर घटना सामने आई। यहां लेन नंबर-01 पर पहुंचे तीन अज्ञात युवकों ने टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की, गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ की और आग लगाने की भी कोशिश की। घटना के अफरा तफरी का माहौल हो गया। यह सारा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे मेंं कैद हो गया है। जानकारी मिली है कि तीन युवक झुन्झूनु नंबर की दो गाडिय़ों में सवार होकर टोल प्लाजा पहुंचे थे। टोल शुल्क को लेकर उनका कर्मचारियों से विवाद हो गया,जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गया। हमले में टोल स्टाफ के कुछ कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए,जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
गाडिय़ों में तोडफ़ोड़,आग लगाने का प्रयास
टोल कर्मचारियों द्वारा पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया है कि उपद्रवियों ने घटना के दौरान टोल प्लाजा पर खड़ी गाडिय़ों को भी नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं,उन्होंने आग लगाने की कोशिश भी की,हालांकि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया,जिससे बड़ा हादसा टल गया।
टोल प्रबंधन ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा मैनेजर मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। टोल प्रबंधन ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस और संबंधित अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
