तहलका न्यूज,बीकानेर। शहर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में हथियारों से लैस बदमाशों ने एक परिवार को जान से मारने की नीयत से दहशत फैलाई। हथियारबंद युवकों ने एक दिन नहीं बल्कि निरन्तर दो दिनों तक परिवार को धमकियां देते हुए जमकर उत्पात मचाया। जानकारी मिली है कि राजीव नगर की रहने वाली ललिता देवी पत्नी मनोज गोयल ने पुलिस थाने में दी गई रिपोर्ट में बताया कि सोमवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच कुछ हथियारबंद लोग उनके घर में जबरन घुस आए। आरोपियों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जमकर तोडफ़ोड़ की। इस दौरान उन्होंने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर चले गए। मामला यही शांत नहीं हुआ। मंगलवार को वे फिर फिर से गाडिय़ों में सवार होकर आए और घर के बाहर जमकर हंगामा किया। उन्होंने ललिता देवी और उनके परिवार को चेतावनी दी कि वे उन्हें ‘खत्म कर देंगे। लगातार दो दिनों तक चली दशहत से परिवार सदमें मेें है। पुलिस ने परिवादिया की रिपोर्ट पर पांच जनों सुमित,रिजवान,ताहिर मालावात,प्रवीण सियोता व अरूण के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जिसकी जांच अशोक कुमार को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के घर व संबंधित ठिकानों पर दबिश दे रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस जानलेवा हमले के पीछे का मुख्य कारण क्या है।