तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बज्जू पुलिस ने देशी कट्टा और कारतूस सप्लाई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रणजीतपुरा थाना क्षेत्र के चक 1 सीडी निवासी 28 साल के बलवीर सिंह राजपूत को पकड़ा। आरोपी का नाम पहले पकड़े गए एक मामले की जांच में सामने आया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हथियार सप्लाई नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
7 मई की कार्रवाई में सामने आया नाम
पुलिस के अनुसार 7 मई 2026 को की गई कार्रवाई में आरोपी दिनेश कुमार के कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पूछताछ में सामने आया हथियार सप्लायर
दिनेश कुमार से पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान अवैध हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी बलवीर सिंह का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।बज्जू थानाधिकारी ने पुलिस जाब्ते के साथ गोपनीय सूचना के आधार पर दबिश दी और आरोपी बलवीर सिंह पुत्र भीमसिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रणजीतपुरा थाना क्षेत्र के छीला कश्मीर इलाके का रहने वाला है।
हथियार नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी का पीसी रिमांड लिया है। उससे अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि जांच में कुछ और हथियार बरामद हो सकते हैं।
लगातार चल रहा अभियान
जिले में पिछले कुछ दिनों से अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अब तक एक दर्जन से ज्यादा अवैध हथियार जब्त कर चुकी है।
