तहलका न्यूज,बीकानेर। जैन स्कूल से आचार्य की बगीची की ओर जाने वाली मुख्य 60 फीट चौड़ी सड़क,जो कुछ माह पूर्व ही आमजन की सुविधा के लिए बनाई गई थी,आज बदहाल स्थिति में पहुंच गई है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के मात्र पाँच से छह महीने बाद ही सड़क अपनी वास्तविक चौड़ाई खो चुकी है और दोनों ओर बड़े-बड़े कचरे के ढेर लग जाने से मार्ग संकरा हो गया है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिस सड़क का निर्माण यातायात सुगम बनाने और क्षेत्र के विकास के उद्देश्य से किया गया था,वही अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। सड़क किनारे फैली गंदगी और कचरे के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि क्या जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की जिम्मेदारी केवल शिलान्यास और उद्घाटन तक सीमित रह गई है? यदि नई बनी सड़कों की नियमित निगरानी और सफाई व्यवस्था नहीं होगी तो विकास कार्यों का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा।क्षेत्रवासियों ने नगर निगम एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि सड़क किनारे लगे कचरे के ढेर तत्काल हटाए जाएं तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए,ताकि आमजन को राहत मिल सके और सड़क अपनी मूल चौड़ाई एवं उपयोगिता बनाए रख सके।लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।