तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले में नौतपा के बाद आगजनी की घटनाएं अत्यधिक सामने आ रही है। जिले के लूणकरणसर थाना इलाके में अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर देर रात करीब एक बजे अरजनसर रेलवे केबिन के पास बेकाबू ट्रक रेलवे लेवल क्रॉसिंग के लोहे के ढांचे से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद ट्रक में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक में तुरंत आग भड़क उठी। हादसे के दौरान ड्राइवर ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली।घटना की सूचना मिलते ही महाजन और राजियासर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं अरजनसर के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और पानी के टैंकरों के जरिए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे बाद सूरतगढ़ और श्रीगंगानगर से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया जा सका।

बिजली लाइन और रेलवे सिस्टम पर मंडराया खतरा
ग्रामीणों के अनुसार यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटनास्थल के पास ही 11 केवी बिजली लाइन के पोल और करीब 10 मीटर दूरी पर रेलवे की इलेक्ट्रॉनिक लाइन मौजूद थी। ट्रक आगे बढ़ जाता तो बिजली व्यवस्था और रेलवे सिस्टम प्रभावित हो सकता था।

दमकल सुविधा नहीं होने पर ग्रामीणों में नाराजगी
घटना के बाद क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर दमकल वाहन नहीं होने का मुद्दा फिर सामने आया है। ग्रामीणों ने कहा कि आसपास फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं होने के कारण आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जा सका। उन्होंने क्षेत्र में स्थायी दमकल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

दो ट्रकों में आमने सामने भिड़ंंत,एक घायल
राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती रात करीब ढाई बजे गुसाईसर बड़ा व लोडेरा के बीच दो ट्रक आमने सामने भिड़ गए।टक्कर में एक चालक घायल हो गया व ट्रक में फंस गया।युवाओं ने जेसीबी की सहायता से घायल को बाहर निकाल कर एंबुलेंस में उपजिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है।पता चला है कि जैतासर के जोगलिया निवासी 45 वर्षीय पन्नाराम पुत्र हरखाराम के पैर में फ्रेक्चर हो हुआ व अब वह खतरे से बाहर है।दूसरे ट्रक का चालक केवल मामूली चोटिल हुआ।एसआई पवन कुमार भी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे व ट्रकों को साइड में करवा कर रास्ता खुलवाया।