तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र मेें एक अधेड़ ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला को समाप्त कर लिया है। जानकारी मिली है कि चक 2 एसडीडब्ल्यूएम 2 एल में मंगलवार को एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान याकूब पुत्र अल्लादित्ता (55 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सत्तासर सरपंच बरकत अली,खेरदीन मीर तथा छत्तरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची।मौके पर एएसआई काशीराम ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को छत्तरगढ़ सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरा मिस्त्री,हुई मौत
शहर के कोटगेट थाना इलाके में एक निर्माणाधीन बिल्डिग़ से मिस्त्री की गिरने से दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि 26 मई को दोपहर मॉर्डन मार्केट में निर्माणाधीन बिल्डिंग की छठी मंजिल से मिस्त्री सुजानदेसर निवासी ओमप्रकाश माली काम कर रहा था कि इस दौरान कोटास्टोन टूट गया,जिससे संतुलन बिगडऩे पर ओमप्रकाश छठी मंजिल से नीचे गिर गए। हादसे के बाद उन्हें तुरंत पीबीएम ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में मृतक के पुत्र सांवरलाल ने मर्ग रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके पिता ओमप्रकाश मॉर्डन मार्केट स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रहे थे। इसी दौरान काम करते समय नीचे गिर गये।