तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के नोखा क्षेत्र में गुरुवार सुबह नागौर रोड स्थित चरकड़ा बाईपास के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया।यहां एक टेंपो ट्रैवलर (मिनी बस) और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई,जबकि 13 लोग घायल हो गए।घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। टेम्पो ट्रैवलर में सवार सभी लोग नाथद्वारा (राजसमंद) में श्रीनाथ मंदिर से दर्शन कर बीकानेर लौट रहे थे।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 7 बजे नोखा थाना पुलिस को चरकड़ा बाईपास के पास एक्सीडेंट की सूचना मिली।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां नागौर की ओर से आ रही मिनी बस और बीकानेर की तरफ से जा रहे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हुई थी।हादसा इतना भीषण था कि मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार यात्रियों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को नोखा के सीएचसी पहुंचाया।डॉक्टरों ने जांच के बाद बस चालक मोहम्मद आरिफ (45) निवासी सरदारशहर,जयश्री पत्नी आशीष स्वामी (30) निवासी बीकानेर तथा विष्णु स्वामी (26) निवासी बीकानेर को मृत घोषित कर दिया। तीनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया जा रहा है।वहीं हादसे में घायल 13 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।बाद में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया।घटना की सूचना मिलते ही उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि टेम्पो ट्रैवलर नाथद्वारा से बीकानेर की ओर जा रहा था। बीकानेर से नागौर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक से चरकड़ा बाइपास के पास उसकी टक्कर हो गई।ट्रक इतनी तेज रफ्तार में था कि सड़क किनारे घर के बाहर खाट पर सो रहे 5-6 लोगों से करीब 60 फीट की दूरी पर जाकर रुका।

जीजा-साली की मौत
तीन बहनें भारती,सोनू और जयश्री अपने पति और बच्चों के साथ 23 मई को घूमने निकली थीं।परिवार माउंट आबू,हल्दीघाटी,सांवरिया सेठ और श्रीनाथजी के दर्शन कर बीकानेर लौट रहा था।जयश्री,विष्णु की साली थी।दोनों की हादसे में मौत हो गई।जयश्री का पति आशीष,विष्णु की पत्नी भारती (27),सोनू (33) पत्नी बजरंग,कनुश्री (9) पुत्री आशीष और कृतिका (11) पुत्री बजरंग गंभीर घायल हैं।उनका बीकानेर के पीएमबी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।बाकी सभी घायलों हिमाशी,भारती,बजरंगलाल,मितांशु,जीविका,संतोष,मीनाक्षी और निधि को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। वहीं गंभीर घायल मयंक पुत्र बजरंग को कोठारी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है।आशीष बीकानेर के धरणीधर एरिया का निवासी है और प्राइवेट हॉस्पिटल में कंपाउंडर है।विष्णु सरदारशहर में मेडिकल शॉप चलाता था।

ट्रक थोड़ा और आगे आता तो बड़ा हादसा हो जाता
टक्कर के बाद ट्रक सड़क से उतरकर करीब 30 फीट अंदर तक चला गया था। जिस घर के पास ट्रक रुका,वहां से करीब 30 फीट दूर किसान के पशु बंधे हुए थे। वहीं परिवार के 5-6 लोग ट्रक से लगभग 60 फीट की दूरी पर सो रहे थे।प्रत्यक्षदर्शी कन्हैयालाल ने बताया कि रात में हम बाहर ही सो रहे थे। हमारे पशु भी बाहर बंधे हुए थे। अचानक ट्रक आकर रुका तो हमारी नींद खुली। ट्रक ने घर के चारों ओर लगी तारबंदी भी तोड़ दी।
अगर ट्रक थोड़ा भी आगे बढ़ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। बाद में हमने ही शीशा तोड़कर टेम्पो ट्रैवल में फंसे लोगों को बाहर निकलवाया।