तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले में आत्महत्या के मामलों में लगातार इजाफा अब चिंता का सबब बनता जा रहा है। पिछले 12 घंटे में दो जनों ने आत्महत्या की। इसमें एक बीछवाल थाना तो दूसरा नोखा थानान्तर्गत का मामला है।बीकानेर के केंद्रीय कारागृह से शनिवार सुबह जेल में बंद एक बंदी ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली,जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार सूरतगढ़ निवासी बंदी दीपक कुमार ने शनिवार तड़के करीब चार बजे आत्महत्या कर ली।घटना की सूचना मिलते ही जेल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अधिकारी मौके पर पहुचे।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दीपक कुमार पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था,जिसके चलते उसे अन्य बंदियों से अलग एक विशेष सेल में रखा गया था। घटना के बाद जेल प्रशासन ने आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी है।मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है तथा आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बंदी ने किस परिस्थिति में यह कदम उठाया। मामले की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

पेड़ पर लटकता मिला 18 वर्षीय युवक का शव
नोखा थाना क्षेत्र के जेगला गांव में एक युवक का शव खेत में पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार जेगला गांव निवासी रामेश्वर लाल मेघवाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका 18 वर्षीय पुत्र नरसीराम शुक्रवार सुबह घर से मजदूरी पर जाने की बात कहकर निकला था,लेकिन बाद में उसका शव गांव के एक खेत में पेड़ से लटका हुआ मिला।घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नोखा लाया,जहां जिला अस्पताल में चिकित्सकों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।