तहलका न्यूज,बीकानेर। बीज कंपनियों के साथ मिलीभगत कर 2 करोड़ 44 लाख की रिश्वत के मामले में जुगल किशोर बिश्नोई को राज्य सरकार ने निदेशक पद से हटा दिया है। राजस्थान राज्य बीज निगम ने बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए नामित निदेशक जुगल किशोर पुत्र सतपाल को निदेशक मंडल के सदस्य पद से हटाने के आदेश आज जारी हुए। जुगल किशोर को सरकार की ओर से नामित निदेशक बनाया गया था। बिश्नोई समेत 5 को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने 2 दिन पहले जयपुर से गिरफ्तार किया था।
3 महीने पहले मिला था पद
जुगल किशोर का मनोनयन राजस्थान राज्य बीज निगम की 47 वीं वार्षिक साधारण सभा में 10 फरवरी को निगम के निदेशक मंडल में निदेशक के पद पर किया गया था।राजस्थान राज्य बीज निगम की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि निगम किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर कार्य करता है। ऐसे में, जुगल किशोर को हटाया गया है।
घर से मिली थी करोड़ों की राशि
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने पिछले दिनों एक युवक स्वतंत्र ज्याणी को 85 लाख रुपए के साथ एक प्राइवेट बस से दबोचा था। उसने बताया कि रुपए उसके मामा जुगल किशोर बिश्नोई के हैं। तुरंत ही जुगल किशोर के घर पर भी दबिश दी गई। जहां से डेढ़ करोड़ रुपए से ज्यादा राशि नगद बरामद हुई। पुलिस ने इस मामले में जुगल किशोर सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
फिलहाल रिमांड पर है जुगल किशोर
रविवार को गिरफ्तारी के बाद जुगल किशोर को सोमवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने जुगल सहित सभी की पांच दिन का रिमांड ली गई है। मामले में पूछताछ के दौरान कई और खुलासे हो सकते हैं।
