तहलका न्यूज,बीकोनर।जिले के महाजन थाना इलाके में कंवरसेन वितरिका नहर में डूबे दो युवकों में से एक का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया,जबकि दूसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है।घटना के बाद से प्रशासन,पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।जानकारी के अनुसार महाजन निवासी दो युवक मंगलवार दोपहर नहर में नहाने के लिए उतरे थे।इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस,प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।देर शाम तक नहर में तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी।सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया।अभियान के दौरान दिनेश मेघवाल पुत्र सुरजाराम मेघवाल का शव नहर से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।जबकि दूसरे युवक जगदीश मेघवाल की तलाश में जुटी हुई है।नहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार खोजबीन की जा रही है।प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही युवक का पता लगाया जा सकेगा।घटना स्थल पर उपतहसीलदार सुंदरपाल गोदारा,महाजन पुलिस के अधिकारी तथा एसडीआरएफ की टीम मौजूद है। प्रशासन द्वारा पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है और राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।दो युवकों के नहर में डूबने की घटना से महाजन क्षेत्र में शोक का माहौल है।स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद हैं और दूसरे युवक की तलाश पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।

पानी का बहाव तेज होने से डूबे युवक
जानकारी के अनुसार महाजन निवासी मुखराम मेघवाल का करीब 23 वर्षीय पुत्र जगदीश व उसके भाई सुरजाराम मेघवाल का करीब 20 वर्षीय पुत्र दिनेश महाजन निवासी सुखदेव स्वामी की बोलेरो गाड़ी में अरजनसर से महाजन आ रहे थे। अरजनसर से निकलने के बाद युवकों ने नहर में नहाने का प्लान बनाया व नहर के किनारे पर पहुंच गए। जगदीश व दिनेश नहर में नहाने उतरे। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों युवक डूबने लगे।डूबते देख तीसरे युवक सुखदेव स्वामी ने उन्हें बचाने का प्रयास किया,लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। शोर सुनकर नहर के किनारे बनी ढाणियों से किसान भागकर मौके पर पहुंचे व रस्सा डालकर युवकों को बचाने का प्रयास किया,लेकिन देखते ही देखते दोनों युवक नहर में डूब गए। साथियों के डूबने से सुखदेव भी घबरा गया। घटना की सूचना मिलने पर महाजन थाने से हेड कांस्टेबल बाबूलाल जाप्ते सहित मौके पर पहुंचे।