तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले श्रीकोलायत थाना अंतर्गत एक ट्रैक्टर पलटा खाने से बिजली ठेकेदार की मौत हो गई है।जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया।हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर गुड़ा फांटा के निकट लक्ष्मण झूला क्षेत्र से गुजर रहा था।इसी दौरान अचानक सड़क पर पशु आ जाने से चालक को जोरदार ब्रेक लगाना पड़ा,जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।हादसे में ट्रैक्टर में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि दूसरा युवक घायल हो गया।घायल युवक को तत्काल श्रीकोलायत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।वहीं मृतक के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर श्रीकोलायत मोर्चरी कक्ष में रखवाया है। थाना क्षेत्र के इस मामले में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।एएसआई लखपत सिंह ने बताया कि मृतक बिजली ठेकेदार के कार्य में लगा हुआ था।मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
