तहलका न्यूज,बीकानेर। सवारियों और रूट टाइमिंग को लेकर लंबे समय से चल रही प्रतिस्पर्धा शनिवार को खुले विवाद में बदल गई। जिले के लूणकरणसर उपखंड कार्यालय के सामने राजस्थान रोडवेज और लोक परिवहन बस स्टाफ के बीच तीखी बहस, कहासुनी और हंगामा हुआ। करीब 20 मिनट तक चले विवाद के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष लूणकरणसर थाने पहुंचे।
इसी बीच एक और गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि गंगानगर डिपो की बीकानेर-गंगानगर रोडवेज बस पर सवारियों को लेकर विवाद के दौरान कुल्हाड़ी से हमला किया गया। रोडवेज चालक कुलदीप सिंह पर जानलेवा हमले की कोशिश का आरोप लोक परिवहन से जुड़े जमीदार बस के ठेकेदार लक्ष्मण सिंह पर लगाया गया है।जानकारी के अनुसार आरोपियों ने चालक और परिचालक के साथ मारपीट की तथा बस को लेकर फरार हो गए। घटना के बाद रोडवेज बस के चालक और परिचालक लूणकरणसर थाने पहुंचे और बस खड़ी कर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।स्थानीय लोगों का कहना है कि सवारियों और बसों की टाइमिंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से प्रतिस्पर्धा चल रही है, जो अब खुले टकराव में बदल गई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।