तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के बज्जू थाना क्षेत्र में शनिवार रात दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। इनमें से एक युवक की सड़क दुर्घटना में और दूसरे की कृषि कार्य के दौरान करंट लगने से जान चली गई।रविवार सुबह बज्जू उपजिला अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि पहली घटना में बज्जू खालसा निवासी जितेंद्र कुमार बिश्नोई की सड़क हादसे में मृत्यु हुई।मृतक के भाई महेंद्र कुमार गोदारा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।उन्होंने बताया कि शनिवार देर रात करीब 12 बजे उन्हें सूचना मिली कि लालूराम ईशरवाल की ढाणी के पास मुख्य सड़क पर ट्रक ने उनके भाई की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।आरोप है कि ट्रक चालक तेज गति और लापरवाही से गलत दिशा में वाहन चला रहा था, जिससे जितेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।मामले की जांच उपनिरीक्षक ओमप्रकाश को सौंपी गई है।वहीं दूसरी घटना गोगडिय़ावाला के चक 06 केएचडी स्थित एक खेत में हुई। यहां नारायणसर निवासी जेठूसिंह राजपूत कृषि कार्य कर रहे थे।इसी दौरान वे विद्युत करंट की चपेट में आ गए,जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि खेत में लगे ट्रांसफार्मर के जंपर खुले होने के कारण करंट प्रवाहित हुआ,जिससे यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बज्जू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। इस मामले में मर्ग दर्ज कर जांच सीआई जगदीश प्रसाद द्वारा शुरू कर दी गई है।