तहलका न्यूज,बीकानेरजिले के नोखा थाना क्षेत्र के केड़ली गांव में रविवार देर रात पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान हुई फायरिंग में बाबूलाल जाट गंभीर रूप से घायल हो गए।गोली उनके पेट में लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना के बाद परिजन घायल बाबूलाल को तत्काल नोखा अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने पीबीएम अस्पताल,बीकानेर रेफर कर दिया। अस्पताल में उनका उपचार जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात परिवार के कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग की नौबत आ गई।विवाद के दौरान एक पक्ष द्वारा की गई फायरिंग में बाबूलाल जाट सीधे निशाने पर आ गया। गोली सीधे युवक के पेट में लगी,जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हुए और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
फायरिंग की सूचना मिलते ही नोखा पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।सूचना पर सीओ जरनैल सिंह और नोखा सीआई अरविंद भरद्वाज भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।पुलिस की टीम ने पूरे क्षेत्र में डेरा डाल दिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम की भी मदद ली जा रही है।अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गांव में तनाव का माहौल
वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है।ग्रामीणों के अनुसार,परिवार में काफी समय से विवाद चल रहा था,लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मामला फायरिंग तक पहुंच जाएगा।पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
