तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के एक कुख्यात नशा तस्कर के अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया।जानकारी के अनुसार भुट्टों का बास क्षेत्र में स्थित जग्गू उर्फ शकील द्वारा किए गए अवैध कब्जे और निर्माण पर पुलिस प्रशासन ने बुलडोजर चलाया है।पुलिस के अनुसार जग्गू उर्फ शकील लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सात मामले दर्ज है।बताया जा रहा है कि आरोपी वर्तमान में नशा तस्करी से जुड़े एक मामले में जेल में बंद है।पुलिस का आरोप है कि उसने अवैध नशे के कारोबार से अर्जित धन से यह अवैध निर्माण कराया था,जिसे नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की गई।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि नशे की तस्करी करने वाले आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ न केवल कानूनी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाएगा,बल्कि अवैध कमाई से खड़ी की गई संपत्तियों और कब्जों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल और जेडीए का जाब्ता मौजूद रहा।हालांकि इस दौरान महिलाओं ने विरोध भी दर्ज करवाया।किन्तु अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने किसी की एक न सुनी।जिला पुलिस की ओर से जिला स्तर पर यह चौथी कार्रवाई की गई है।
