तहलका न्यूज,बीकानेर।पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की किडनी खराब होने के मामले में भर्ती महिलाओं में से एक शारदा की हालत बुधवार को अचानक गंभीर हो गई।वेंटिलेटर सपोर्ट पर भर्ती शारदा की दोपहर में तबीयत बिगडऩे के बाद अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों की चिंता बढ़ गई। मेडिकल बोर्ड के सदस्य डॉ.परमेंद्र सिरोही ने बताया कि बुधवार दोपहर शारदा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी।उसके शरीर में ऑक्सीजन का स्तर कम होने लगा,जिसके बाद तत्काल सीनियर चिकित्सकों को बुलाया गया। चिकित्सकीय टीम ने आवश्यक उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी स्थिति अब भी अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

क्या संकेत दे रही है मरीज की बिगड़ती हालत?
चिकित्सकों के अनुसार ऑक्सीजन लेवल में गिरावट यह संकेत देती है कि मरीज के शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर बीमारी का प्रभाव बढ़ रहा है।ऐसे मामलों में संक्रमण,अंगों की कार्यक्षमता में कमी या अन्य जटिलताओं के कारण मरीज की स्थिति तेजी से गंभीर हो सकती है।यही वजह है कि शारदा को लगातार वेंटिलेटर सपोर्ट और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।अगले कुछ घंटे उसकी सेहत के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।अस्पताल अधीक्षक डॉ.बी.सी.घीया ने बताया कि प्रसूता की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।सीजेरियन डिलीवरी के 13 दिन बाद भी मरीज एनीमिया,तीव्र किडनी खराबी,डीआईसी और लिवर संबंधी जटिलताओं से जूझ रही है।मरीज की किडनी लगभग काम नहीं कर रही है,जिसका अंदाजा 24 घंटे में मात्र 20 एमएल यूरिन आया है।यूरिया 153 और क्रिएटिनिन 3.8 से लगाया जा सकता है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मरीज की डायलिसिस की जा रही है।बताया जा रहा है कि मरीज में खून की कमी अभी भी बनी हुई है,जबकि संक्रमण के संकेत भी मिल रहे हैं।मरीज के गले में ट्रेकियोस्टॉमी लगी हुई है और वह नियंत्रित वेंटिलेटर सपोर्ट पर है,जिससे स्पष्ट है कि वह स्वयं पर्याप्त रूप से सांस नहीं ले पा रही है।

ट्यूब से दिया जा रहा हैं सांस
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ट्रेकियोस्टॉमी के जरिए वेंटिलेटर सपोर्ट दिया जा रहा है।इसके तहत गर्दन के सामने वाले हिस्से में श्वासनली तक एक विशेष ट्यूब लगाई जाती है, जिससे मरीज को सीधे सांस पहुंचाई जाती है। आमतौर पर यह प्रक्रिया उन मरीजों में की जाती है,जिन्हें लंबे समय तक वेंटिलेटर की आवश्यकता होती है या जो स्वयं पर्याप्त रूप से सांस लेने में सक्षम नहीं होते। चिकित्सकीय रिपोर्ट के अनुसार शारदा फिलहाल नियंत्रित वेंटिलेशन मोड पर है,जिससे स्पष्ट है कि उसकी श्वसन प्रक्रिया मशीन की सहायता से संचालित की जा रही है।

ये है प्रसूताओं की स्थिति

  • प्रीति : मौत
  • शारदा : गंभीर हालत, वेंटीलेटर पर
  • इमरती : आईसीयू
  • कमला : आईसीयू
  • तारादेवी : डिस्चार्ज दे चुके
  • राहितला : डिस्चार्ज दे चुके