तहलका न्यूज,बीकानेर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा का आयोजन रविवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक एक ही पारी में किया जाएगा।जिले के 6902 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे,जिसके लिए 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के निर्देशानुसार,परीक्षा के दिन केंद्रों के आसपास संचालित होने वाली सभी ई-मित्र दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। परीक्षा संचालन के लिए बीकानेर जिले को दो जोन में विभाजित किया गया है।दोनों जोनों के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं,जो परीक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।एक जोन के प्रभारी एवं केंद्रीय विद्यालय-1 के प्राचार्य महिपाल सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक 12 अभ्यर्थियों पर एक शिक्षक की जिम्मेदारी तय की गई है। एक कक्ष में अधिकतम 24 अभ्यर्थी बैठेंगे और वहां दो शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
ऐसे होगी तीन स्तर पर जांच
अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड और एनटीए द्वारा जारी रिपोर्टिंग समय के अनुसार ही केंद्र पर पहुंचना होगा। तय समय के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।मुख्य द्वार पर अभ्यर्थी की मेटल डिटेक्टर और अन्य उपकरणों की मदद से शारीरिक और तकनीकी जांच होगी।इसके बाद परीक्षा केंद्र के भीतर अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच होगी।इसमें उंगलियों के निशान लिए जाएंगे और अन्य आवश्यक स्कैनिंग प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों का दोबारा सत्यापन और जांच की जाएगी।मोबाइल,ब्लूटूथ,स्मार्ट वॉच,ईयरफोन,कागज के टुकड़े या अन्य कोई भी प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूरी तरह वर्जित है।हर परीक्षा कक्ष में जैमर और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। पूरी परीक्षा की वीडियोग्राफी अनिवार्य होगी।
पुलिसकर्मी भी नहीं कर सकेंगे मोबाइल का प्रयोग
हर केंद्र पर फ्लाइंग स्क्वाड तैनात रहेगा। 100 अभ्यर्थियों पर एक पुलिस गार्ड तैनात रहेगा,जिसमें 50 प्रतिशत महिला कार्मिक होंगी। प्रश्न-पत्र ले जाने से लेकर ओएमआर सीट जमा करने तक सशस्त्र पुलिस एस्कॉर्ट रहेगा। ड्यूटी पर लगे पुलिसकर्मी भी मोबाइल फोन इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। हर केंद्र के लिए एक नोडल पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रश्न-पत्र स्ट्रॉन्ग रूम में 24&7 सशस्त्र पुलिस की निगरानी में रहेंगे।एग्जाम सामग्री ले जाने वाले वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग होगी और उन्हें पुलिस एस्कॉर्ट उपलब्ध कराया जाएगा। सभी एग्जाम सेंटर सीसीटीवी निगरानी में रहेंगे और उनकी लाइव मॉनिटरिंग सेंट्रलाइज कंट्रोल रूम से की जाएगी।
होगी जेल और कड़ी कार्रवाई
एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी सतर्क है।परीक्षा से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या फर्जीवाड़े को रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।परीक्षा में नकल या अनुचित साधनों की रोकथाम के लिए राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2022 के तहत कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ लगाने पर पाबंदी रहेगी। अभिभावकों से अपील है कि वे वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें ताकि जाम न लगे। पुलिस ने अभ्यर्थियों को पेपर दिलाने या अनुचित मदद का झांसा देने वाले गिरोहों से सतर्क रहने को कहा है।
