तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले की डूंगरगढ़ थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोटों के साथ दो जनों को गिरफ्तार किया है। यह करीब 65 लाख रुपए के नकली नोट बाजार में खपाने की फिराक में थे।श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र नकली नोटों की टकसाल बन गया है। यहां लगातार नकली नोटो के साथ देश के दुश्मन पकड़े जा रहे है।श्रीडूंगरगढ़ पुलिस की मुस्तैदी से सोमवार रात को 65 लाख रुपये से अधिक के नकली नोटों के साथ दो युवकों को धरा है। बताया जा रहा है कि इस गिरोह का सरगना अभी फरार है व पुलिस टीम उसके पीछे दौड़ रही है। अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार ये युवक 65 लाख रुपये से अधिक की ये बड़ी रकम बाजार में खपाने वाले थे। बताया जा रहा है कि बोलेरो गाड़ी में 500- 500 रुपए के नकली नोटों की गड्डियां बैग में भरकर रखी हुई थीं। नोट देखने पर नकली लगे पुलिस ने जांच करवाई। इसके बाद बोलेरों में बैठै दोनों युवकों को पकड़ लिया।यह 500-500 के नोट थे जिसमें ऊपर असली नोट और बाकी सब नकली नोट थे।नोटो की गड्डियों के बीच सफेद कागज डाल रखे थे। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव ने बताया कि मामले में 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें महेंद्र उर्फ मनोज पुत्र सीताराम गोदारा निवासी धोलिया और ओमप्रकाश पुत्र विजयपाल नैण निवासी जेतासर है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।
हवाला से जुड़े है तार
असली की आड़ में नकली नोटों,साइड प्रिंटेड नोट साइज कागजों की बड़ी खेप के साथ पकड़े गए युवकों के तार हवाला कारोबार से जुड़ गए है। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में असली की आड़ में नकली नोट और नोट के साइज के बॉर्डर प्रिंट किये सादे कागजों को बनाने,खपाने का खेल लंबे समय से चल रहा है और सोमवार रात भी हवाला के माध्यम से करीब 65 लाख की रकम इन नकली नोट जैसे दिखने वाले कागजों के माध्यम से खपाने के प्रयास में 2 युवक पुलिस के हत्थे चढ़े। पुलिस ने आरोपियों से एक बोलेरो कार भी जब्त की है व सप्लाई देने आए 2 युवकों को धर लिया है। युवक जिस हवाला कारोबारी से ये नोट लेकर आये थे उसकी तलाश में पुलिस दल अलग अलग जगहों पर दबिश दे रहा है। बताया जा रहा है कि युवकों द्वारा 500-500 रुपये की 10-10 गड्डियों के 5-5 लाख रुपये के बंडल बनाये हुए थे। इन बंडलों में ऊपर-नीचे के नोट असली ओर बीच मे साइड प्रिंटेड नकली नोट डाल रखे थे।
