तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले में डिग्गी में डूबने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है।पिछले एक महिने में जिले में अनेक थाना इलाकों में कभी डिग्गी तो कही नहर या तालाब में लगातार डूबने के समाचार आ रहे है।जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के जालबसर गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में खेत की डिग्गी में डूबने से मां और उसकी मासूम बेटी की मौत हो गई। वहीं 12 वर्षीय बेटे को आसपास मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकाल लिया,जिससे उसकी जान बच गई।जानकारी के अनुसार,जालबसर निवासी हनुमानराम जाट की पत्नी सावित्री (36) और बेटी ज्योति (6) की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई।वहीं 12 वर्षीय बेटा विकास भी डिग्गी में चला गया था,लेकिन आसपास के लोगों ने तत्काल डिग्गी में छलांग लगाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मां और दोनों बच्चे डिग्गी तक कैसे पहुंचे और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। तीनों के डिग्गी में गिरने के कारणों का भी अभी खुलासा नहीं हो सका है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाया।पुलिस ने सावित्री और ज्योति के शवों को श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।