तहलका न्यूज,बीकानेर। जिले के नोखा थानान्तर्गत किरतासर गांव में मां बेटे सहित तीन जनों की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई।जिसमें दो नाबालिग शामिल है।नोखा थानाधिकारी आरपीएस अरविंद भारद्वाज ने बताया कि अर्जुनराम का परिवार एक खेत काश्त करता है।वहीं एक क च्ची डिग्गी बनी हुई है। जिसमें 30 वर्षीय प्रेमा पत्नी अर्जुनराम नायक डिग्गी में उतरी तो वहीं डूब गई। अपनी मां को बचाने के लिये उसका पुत्र 15 वर्षीय नरेन्द्र उतरा और नरेन्द्र को बचाने उसका चचेरा भाई 13 वर्षीय मनोज पुत्र सीताराम नायक उतरा। लेकिन तीनों ही डूब गये।घटना के समय परिवार और आस-पास के लोग खेत में काम कर रहे थे।जैसे ही तेज आवाज सुनी सब लोग मौके पर पहुंचे।तीनों को डिग्गी से बाहर निकाला और गांव के प्रेम नामक व्यक्ति की सहायता से बीकानेर के पीबीएम अस्पताल पहुंचाया।वहां डॉक्टर्स ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही नोखा पुलिस की टीम सीओ जरनैल सिंह और सीआई अरविंद भारद्वाज के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को डिग्गी से निकलवाकर पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।इस दुखद घटना से पूरे किरतासर गांव में मातम छा गया है।मृतक परिवार काश्त पर खेती करके अपना जीवन यापन कर रहा था। मोरखाना के पूर्व सरपंच शेर सिंह भाटी ने प्रशासन से मृतक परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
दो महीने में दर्जनभर से ज्यादा डूबे डिग्गी में
खेतोंं में बनाई गई डिग्गी अब काश्तकारों के लिये अकाल मौत का कारण बन रही है।दो महीने पहले बज्जू थाना इलाके में सात जनों की मौत हुई थी।इसमें 15 मई को खेताराम मेघवाल की तीन पुत्रियां- धापू (23),सुशीला (19) और अनु (17)खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई थी। वहीं बज्जू में वकीला पुत्री हसन खान (12) और यूनुस पुत्र शौकत खान (8)की भी डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।वहीं पूगल क्षेत्र के भानीपुरा में 19 मई को 52 वर्षीय वसु कंवर और उसके 7 वर्षीय दोहिते हरिसिंह की भी खेत की डिग्गी में डूबने से जान चली गई थी।श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के जालबसर गांव में 7 दिन पहले एक खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से 36 वर्षीय विवाहिता और उसकी 6 साल की मासूम बेटी की डूबने से मौत हुई थी। हालांकि यह आत्महत्या का मामला था। वहीं कालू थाना इलाके में 6 जून को अमाणाराम जाट भी डिग्गी में डूब गया था। 17 जून को देशनोक थाना क्षेत्र के चूंटीसरा गांव में एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की पानी की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। फरवरी में श्रीडूंगरगढ़ में एक दर्दनाक हादसे में सोहनलाल जाट के दो मासूम बेटों, मोहित और अंकित की जान चली गई।खेत की 15 फीट गहरी डिग्गी के पास खेलते समय एक भाई का पैर फिसल गया, जिसे बचाने के प्रयास में दूसरा भी डूब गया।
