तहलका न्यूज,बीकानेर।जिले के अलग अलग थाना इलाकों में चोरी की वारदातों ने आमजन की नींदे उड़ा दी है।लगातार जिले मेंं हो रही चोरियों ने आमजन का सुख चैन छीन लिया है।हालात यह है कि चोरों को पुलिस का खौफ तक नहीं है।जिसे जिले में दहशत का माहौल पैदा हो गया है। जिले के तीन थाना इलाकों में करोड़ों रूपये की चोरी की वारदातें हुई है।जिसमें चोर सोने-चांदी के जेवरातों के साथ नकदी भी ले उड़े है।

महिला के बैंग से गायब हो गये सोने के बाजबंद
शहर के मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र में शादी समारोह में आई एक महिला के बैग से करीब 110 ग्राम सोने के बाजूबंद चोरी होने का मामला दर्ज हुआ है।पुलिस के अनुसार श्रीबालाजी नागौर निवासी सावित्री पत्नी बृजलाल बिश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह तीन जुलाई को अपनी बेटियों संजू और विनीता तथा पुत्रवधू कविता के साथ अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए रामपुरा बस्ती स्थित अपने जीजा गंगाजल पूनिया के घर आई थीं।दोपहर करीब 1:30 बजे उन्होंने कपड़ों का बैग घर के एक कमरे में रख दिया।शाम करीब 6 बजे जब बैग की जांच की गई तो उसमें रखी दो जोड़ी सोने के बाजूबंद गायब मिले।चोरी हुए बाजूबंदों का कुल वजन करीब 110 ग्राम बताया गया है।महिला ने परिजनों के साथ घर में काफी तलाश की,लेकिन आभूषण नहीं मिले।इसके बाद मुक्ताप्रसाद नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जांच एएसआई हीरासिंह को सौंपी है।पुलिस शादी समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ-साथ घटना के संबंध में जांच कर रही है।

नकदी और सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े चोर
जिले के कोलायत थाना क्षेत्र के डेह गांव में देर रात हुई बड़ी चोरी की वारदात ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी।अज्ञात चोरों ने गांव निवासी मोहन सिंह पुत्र बालू सिंह राजपूत के मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी एवं सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर मकान की छत के रास्ते घर में घुसे और रात करीब 12 बजे से 3 बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर में रखी नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर फरार हो गए। सुबह परिजनों की नजर सामान बिखरा हुआ देखकर चोरी का पता चला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।वारदात की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड तथा फिगरप्रिंट विशेषज्ञ टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने संभावित साक्ष्य जुटाए और चोरों तक पहुंचने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी।जांच अधिकारी एएसआई लखपत सिंह मौके पर पहुंचकर घटना की पड़ताल कर रहे हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी जुटा रही है।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

ढाणी में घुसे चार बदमाश,आभूषण और नकदी लेकर फरार
जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के बाना गांव में देर रात चार बदमाशों ने एक ढाणी को निशाना बनाते हुए सोने के आभूषण और नकदी चोरी कर मौके पर खड़ी कार में बैठकर फरार हो गए।परिवादी कुशालाराम मेघवाल ने बताया कि 5 जुलाई तड़के करीब 2:20 बजे चार अज्ञात व्यक्ति उनकी ढाणी में घुस आए।आरोपियों ने वहां घर में सो रही महिला के गले में पहने सोने के तीन फुलड़े ब्लेड से काट कर ले लिया और 7,200 रुपये नकद चोरी कर लिए।परिजनों के जागने और शोर मचाने पर चारों आरोपी ढाणी से भागकर बीदासर रोड पर पहले से खड़ी स्विफ्ट कार में सवार होकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।