तहलका न्यूज,बीकानेर।शहर में चोरी की वारदातों का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है।पिछले एक सप्ताह में शहर के अलग अलग थाना इलाकों में चोरी की आधा दर्जन से ज्यादा वारदातें हो चुकी है।जिसके चलते अब लोग पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने लगे है।हालात यह है कि चोरी की वारदातें सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है।ताजा वारदात सोनगिरी कुंआ इलाके में हुई है।जहां भुजिया की दुकान में चोरों ने सामान व नकदी चुरा ली है।जानकारी मिली है देर रात दो शातिर चोर हनुमान जी भुजिया वाले की दुकान के बाहर पहुंचे और कुछ ही मिनटों में ताले तोड़कर अंदर घुस गए।इसके बाद बदमाशों ने दुकान में रखी नकदी और अन्य सामान समेट लिया फरार हो गए। पूरी वारदात को इतनी तेजी से अंजाम दिया कि आसपास किसी को भनक तक नहीं लगी।सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों की पूरी करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।फुटेज में दोनों बदमाश बेखौफ अंदाज में चोरी करते नजर आ रहे हैं।ऐसा प्रतीत होता है मानो उन्हें कानून का कोई डर ही नहीं हो।सुबह जब दुकान मालिक मौके पर पहुंचा तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उसके होश उड़ गए।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारियों में भी रोष फैल गया।फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
एक सप्ताह में आधा दर्जन से ज्यादा चोरियां
मजे की बात तो यह है कि शहर में पिछले एक सप्ताह में चोरी की आधा दर्जन से ज्यादा वारदातें सामने आई है।जिसमें तीन कोतवाली थाना इलाके की है। तो एक मुक्ता प्रसाद और एक जेएनवीसी थाना इलाके की है।वहीं ग्रामीण इलाके की बात करें तो नापासर,कोलायत,महाजन,श्रीडूंगरगढ़,नोखा और छत्तरगढ़ में भी चोरों ने सेंधमारी कर लाखों का सामान पार किया है।कोतवाली थाना क्षेत्र के दिन दहाड़े जोशीवाड़ा स्थित लक्ष्मी इलेक्ट्रिक के मालिक अविनाश बोहरा के घर यह वारदात हुई है।तो विजय शोपिंग मॉल में ज्वेलर्स की दुकान तथा महेन्द्र छाजेड़ के मकान में चोरी की घटना सामने आई है।मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र में शादी समारोह में आई एक महिला के बैग से करीब 110 ग्राम सोने के बाजूबंद चोरी की वारदाता सामने आई।जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना इलाके में सुरेश भार्गव के जयपुर रोड के स्वर्ण जयंती अशोक नगर स्थित उसके मकान नं. 59 में चोरी की घटना हुई है।उधर नापासर थाना क्षेत्र के मूंडसर स्थित अवाडा सोलर कंपनी के प्लांट से 3 लाख 43 हजार 200 रुपये मूल्य की कॉपर केबल चोरी हो गई है।जिले के कोलायत थाना क्षेत्र के डेह गांव में मोहन सिंह राजपूत के मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी एवं सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के बाना गांव में चार बदमाशों ने कुशालाराम मेघवाल की एक ढाणी को निशाना बनाते हुए सोने के आभूषण और नकदी चोरी कर मौके पर खड़ी कार में बैठकर फरार हो गए। आरोपियों ने वहां घर में सो रही महिला के गले में पहने सोने के तीन फुलड़े ब्लेड से काट कर ले लिया और 7,200 रुपये नकद चोरी कर लिए।महाजन फिल्ड फायरिंग रेंज में बने मंदिर में चोरों ने हाथ साफ किये तो छत्तरगढ़ में सरकारी व्याख्याता के घर में घुस चोरी का प्रयास किया।
अधिकांश के सीसीटीवी फुटेज,फिर भी पुलिस के हाथ खाली
मजे की बात तो यह है कि अधिकांश चोरियों के सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल भी हुए है।उसके बाद भी पुलिस के हाथ चोर नहीं लग रहे है।जिससे आमजन में विश्वास अपराधियों में डर का पुलिस स्लोगन कही न कही लोगों से विश्वास खोता जा रहा है।हकीकत यह है कि पुलिस अधिकारी व कार्मिक इन दिनों अपने पोस्टिंग थानों में बचाने और लगाने की जुगत में लगे हुए है।
