तहलका न्यूज,बीकानेर।श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित होने वाली श्री गुर्जर गौड़ प्रीमियर लीग की विधिवत घोषणा रविवार को होटल उत्सव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान की गई।कार्यक्रम में समाज के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों,खेल प्रेमियों,गणमान्यजनों और पत्रकारों की मौजूदगी रही।कार्यक्रम की शुरुआत श्री महर्षि गौतम के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद GGPL-2026 के पोस्टर का विमोचन किया गया।प्रदेश अध्यक्ष मनीष जाजड़ा एवं टूर्नामेंट संयोजक वासुदेव उपाध्याय ने बताया कि टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ 27 सितंबर को सुबह 11 बजे बीकानेर रेलवे ग्राउंड में होगा।प्रतियोगिता में बीकानेर जिले की युवा शक्ति के बीच टेनिस बॉल क्रिकेट के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
1 सितंबर से शुरू होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 1 सितंबर से शुरू होगा।रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।कौन सी टीम किस टीम के साथ मुकाबला करेगी,इसके लिए टीम लॉटरी 20 सितंबर 2026 को निकाली जाएगी।आयोजकों ने बताया कि युवाओं में टूर्नामेंट को लेकर जिस तरह का उत्साह देखने को मिल रहा है, उसे देखते हुए बीकानेर जिले से 50 से 60 टीमों के भाग लेने की संभावना है।
युवाओं को सौंपी जाएगी आयोजन की जिम्मेदारी
आयोजन समिति के संयोजक के साथ एक कमेटी का गठन किया जाएगा। इसके माध्यम से टूर्नामेंट की आगामी तैयारियों और आयोजन से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियां समाज के युवाओं को सौंपी जाएंगी।
प्रदेश अध्यक्ष मनीष जाजड़ा का स्वागत
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज क्रिकेट संघ के प्रदेश अध्यक्ष बनने पर मनीष जाजड़ा का भी समाज के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों एवं गणमान्यजनों की ओर से माला और साफा पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।इस अवसर पर बीकानेर जिले से बड़ी संख्या में युवा क्रिकेट प्रेमी कार्यक्रम के साक्षी बने।कार्यक्रम में बिरजू प्यार,अमित जोशी,रविंद्र जाजड़ा,रामेंद्र शर्मा,जयराम उपाध्याय,प्रहलाद जोशी,संदीप उपाध्याय,रामदेव उपाध्याय, वासुदेव उपाध्याय,राजू चानी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।आयोजन के अंत में महादेव उपाध्याय ने सभी अतिथियों,युवाओं, समाज के गणमान्यजनों और खेल प्रेमियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
