859674-75199-axhywvjxyg-1511960362

तहलका न्यूज,बीकानेर।भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस और बीएसएफ ने ड्रोन से भेजी गई करीब 30 करोड़ रुपए की हेरोइन बरामद की है।श्रीगंगानगर के रावला थाना क्षेत्र के 14 केएनडी गांव में खेत से 11 पैकेट में 5 किलो 615 ग्राम हेरोइन और अलग पैकेट में 508 ग्राम अफीम मिली।बीएसएफ से मिली सूचना के आधार,पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।बीएसएफ बीकानेर रेंज की टीम के निर्देशन में कार्रवाई की गई।बाद में श्रीगंगानगर पुलिस को सूचना दी गई,जिसके बाद रावला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस ऑपरेशन में CID और बीएसएफ की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार रावला थाना क्षेत्र के 14 केएनडी गांव निवासी संतराम बिश्नोई के खेत में सर्च अभियान चलाया गया।तलाशी के दौरान खेत में एक बड़ा संदिग्ध पैकेट मिला।पैकेट खोलने पर उसमें 11 छोटे पैकेट मिले।इनमें कुल 5 किलो 615 ग्राम हेरोइन थी। इसके अलावा अलग पैकेट में 508 ग्राम अफीम भी बरामद हुई।हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

ड्रोन से पाकिस्तान की ओर से खेप गिराने की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद मादक पदार्थ पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए सीमा पार गिराए गए थे।अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि खेप को खेत में किस जगह और कब गिराया गया था।साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इसकी डिलीवरी लेने के लिए कौन आने वाला था।

डिलीवरी लेने वालों की तलाश,ग्रामीण भी सर्च में शामिल

बरामदगी के बाद बीएसएफ और पुलिस की संयुक्त टीमों ने बॉर्डर क्षेत्र में सर्च अभियान तेज कर दिया है।पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां कंसाइनमेंट की डिलीवरी लेने आने वाले लोगों की तलाश कर रही हैं।आसपास के इलाकों और संभावित ठिकानों पर भी तलाशी ली जा रही है। सर्च अभियान में स्थानीय ग्रामीणों का भी सहयोग लिया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां सीमा क्षेत्र के साथ आसपास के संभावित ठिकानों पर निगरानी रख रही हैं।मामले में आगे की जांच जारी है।