तहलका न्यूज,बीकानेर। फलोदी के लोहावट ब्लॉक विकास अधिकारी नारायण सुथार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है। एसीबी ने जांच का दायरा बढ़ाया तो सर्च कार्रवाई में देर रात घर से करीब एक किलो सोने के बिस्किट,आभूषण और संपत्ति संबधी दस्तावेज,रजिस्ट्रियां तथा अन्य महत्वपूर्ण कागजात मिले हैं। अब बरामद नकदी,सोना और दस्तावेजों के बीच संबंधों की पड़ताल कर रही है।सूत्रों के अनुसार कई दस्तावेजों को जांच के लिए जब्त किया गया है। जानकारी के अनुसार एसीबी की टीम ने एएसपी आशीष कुमार के नेतृत्व में औचक चेकिंग के दौरान विकास अधिकारी की गाड़ी को रुकवाया था। तलाशी के दौरान वाहन से 8 लाख 14 हजार रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई। इसके बाद अधिकारी से पूछताछ की गई और नकदी के स्रोत के संबंध में जानकारी जुटाई गई।एसीबी ने बाद में विकास अधिकारी के आवास सहित अन्य स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। एसीबी यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नकदी और सोना किस स्रोत से अर्जित किया गया तथा उनका वित्तीय रिकॉर्ड से क्या संबंध है।पूरे मामले की जांच एएसपी आशीष कुमार और डीवाईएसपी इंद्र कुमार के नेतृत्व में की जा रही है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
एसीबी को मुखबिर से मिली थी सूचना
एसीबी के विशेष इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि लोहावट बीडीओ नारायण सुथार बड़ी मात्रा में रिश्वत की राशि लेकर बीकानेर की तरफ जा रहे हैं।सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाया और डीएसपी इन्द्र कुमार के नेतृत्व में एसीबी टीम ने भीनासर नाके के पास कार्रवाई की।टीम ने बीडीओ की कार को रुकवाकर उसकी तलाशी ली।तलाशी के दौरान खलासी साइड की सीट के नीचे एक बैग दिखाई दिया। बैग खोलने पर उसमें 8 लाख 14 हजार रुपए नकद मिले। इसके बाद एसीबी ने नकदी को कब्जे में लेकर बीडीओ से पूछताछ शुरू कर दी।
जोधपुर से बीकानेर आ रहे थे बीडीओ
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नारायण सुथार जोधपुर से बीकानेर की तरफ आ रहे थे।वे मूल रूप से बीकानेर के विश्वकर्मा गेट के अंदर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।एसीबी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी उनके पास कहां से आई और इसे कहां ले जाया जा रहा था।एसीबी अधिकारियों के अनुसार बरामद राशि के संबंध में बीडीओ से पूछताछ की जा रही है।
